CG NEWS: अब पानी जितना खर्च, उतना टैक्स! रायपुर के 3 लाख घरों में लगेंगे वाटर मीटर

RAIPUR NEWS। रायपुर में जलकर वसूली की व्यवस्था पूरी तरह बदलने जा रही है। नगर निगम अब शहर के करीब तीन लाख घरेलू नल कनेक्शनों पर वाटर मीटर लगाने की तैयारी में है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद नागरिकों को फ्लैट रेट के बजाय पानी की वास्तविक खपत के आधार पर जलकर देना होगा। फिलहाल दो वार्डों में मीटर रीडिंग का ट्रायल चल रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद पूरे शहर में इसे लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।
'जितना पानी, उतना टैक्स' मॉडल की तैयारी
रायपुर नगर निगम अब जलकर वसूली के पुराने फ्लैट रेट सिस्टम को बदलने की तैयारी कर रहा है। वर्तमान में घरेलू उपभोक्ताओं से सालाना 2400 रुपए जलकर लिया जाता है, लेकिन नई व्यवस्था में पानी की खपत के अनुसार बिल जारी होगा। इससे कम पानी उपयोग करने वाले परिवारों को राहत मिल सकती है।
दो वार्डों में शुरू हुआ ट्रायल
स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड और मौलाना अब्दुल रऊफ वार्ड के कुछ इलाकों में वाटर मीटर रीडिंग का ट्रायल शुरू किया गया है। निगम की जलकार्य शाखा अगले 10 दिनों तक डेटा एकत्र कर रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे आयुक्त को सौंपा जाएगा।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: राहुल गांधी के रायपुर दौरे पर BJP-Congress में जुबानी जंग, गोपनीय प्रशिक्षण शिविर बना सियासी रणभूमि
88 हजार मीटर लगे, 3 लाख कनेक्शन बाकी
अमृत मिशन और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के तहत अब तक लगभग 88 हजार नल कनेक्शनों पर मीटर लगाए जा चुके हैं। जबकि शहर के 70 वार्डों में तीन लाख से अधिक घरेलू नल कनेक्शन मौजूद हैं। ऐसे में शेष घरों में मीटर लगाने की बड़ी चुनौती निगम के सामने होगी।
स्मार्ट और मैनुअल मीटर का होगा उपयोग
अमृत मिशन के तहत करीब 60 हजार मैकेनिकल मीटर लगाए गए हैं, जिनकी रीडिंग के लिए कर्मचारियों की जरूरत होगी। वहीं स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगभग 28 हजार चिप आधारित ऑटोमैटिक मीटर लगाए गए हैं, जिनकी रीडिंग स्वतः प्राप्त की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: अब डिग्रियों पर चमकेगा ‘भारत’: छत्तीसगढ़ के विश्वविद्यालयों ने छोड़ा ‘India’, शुरू हुई नई पहचान की मुहिम
4 से 9 रुपए प्रति किलोलीटर तक हो सकता है जलकर
राजपत्र के प्रावधानों के अनुसार अलग-अलग उपभोक्ता श्रेणियों और खपत स्लैब के आधार पर जलकर तय किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार जलकर की संभावित दर 4 रुपए से 9 रुपए प्रति किलोलीटर तक हो सकती है।
कई परिवारों का बिल हो सकता है कम
विशेषज्ञ मानकों के अनुसार यदि पांच सदस्यीय परिवार प्रतिदिन 750 लीटर पानी उपयोग करता है तो उसकी मासिक खपत करीब 22.5 किलोलीटर होगी। यदि दर 6.25 रुपए प्रति किलोलीटर तय होती है तो मासिक जलकर लगभग 141 रुपए और सालाना करीब 1688 रुपए बनेगा। यह वर्तमान के 2400 रुपए वार्षिक शुल्क से कम है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: रिश्वत नहीं दी तो उपजाऊ जमीन को बना दिया बंजर! भारतमाला परियोजना में करोड़ों के मुआवजा फर्जीवाड़े का आरोप
मीटर चोरी और रखरखाव बड़ी चुनौती
नगर निगम के सामने सिर्फ मीटर लगाने का ही नहीं बल्कि उनकी सुरक्षा और रखरखाव का भी बड़ा सवाल है। अमृत मिशन के तहत कई वार्डों में लगाए गए मीटरों की चोरी की शिकायतें पहले ही सामने आ चुकी हैं।
160 सोसायटियों को निगम का नोटिस
नगर निगम ने शहर की करीब 160 बल्क कनेक्शन वाली निजी और सरकारी सोसायटियों को पत्र भेजा है। इनमें कमल विहार, इंद्रप्रस्थ, बोरियाकला और हाउसिंग बोर्ड जैसी बड़ी आवासीय कॉलोनियां शामिल हैं। इनके लिए भी खपत आधारित शुल्क निर्धारण की तैयारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: शनिवार को स्कूल टाइम बदलने पर बवाल, शिक्षक संगठनों ने खोला मोर्चा
अधिकारी क्या बोले?
जलकार्य विभाग के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि मोतीबाग कमांड क्षेत्र के दो वार्डों में रीडिंग ट्रायल जारी है। अगले 10 दिनों तक आंकड़े जुटाए जाएंगे। इसके बाद विस्तृत रिपोर्ट और कार्ययोजना निगम आयुक्त को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।












