छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका,बिजली कंपनियों में 1,501 पदों पर बंपर भर्ती, 6 नवंबर से आवेदन शुरू

रायपुर: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य की तीनों बिजली कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती निकली है। जूनियर इंजीनियर से लेकर डाटा एंट्री ऑपरेटर और मेडिकल स्टाफ तक के 38 प्रकार के पदों पर आवेदन शुरू हो गए हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 26 नवंबर है।
बिजली कंपनियों में 1501 वैकेंसी
छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की तीनों कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस भर्ती के तहत कुल 38 प्रकार के पदों के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें: स्कूल शिक्षा मंत्री की टीम से ब्रजेश बाजपेई OUT,SCERT में मिली नई जिम्मेदारी, शासन ने जारी किया आदेश
38 तरह के पदों पर होगी भर्ती, द्वितीय श्रेणी के 195 पद
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी की ओर से 5 नवंबर 2026 को जारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन के अनुसार कुल 1,501 रिक्तियों में द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। यह भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में की जाएगी। भर्ती विज्ञापन और आवेदन संबंधी दिशा-निर्देश आधिकारिक वेबसाइट cspc.co.in पर उपलब्ध हैं।
जूनियर इंजीनियर के 167 और DEO के 609 पद
इस भर्ती में सबसे ज्यादा पद डाटा एंट्री ऑपरेटर और कनिष्ठ अभियंता के लिए रखे गए हैं। कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के कुल 167 पद हैं। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं। वहीं, डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं।
सहायक अभियंता के 152 पद, तकनीकी क्षेत्र में भी अवसर
तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए सहायक अभियंता के विभिन्न पदों पर भी भर्ती होगी। इसमें मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 92, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 और सिविल के 20 पद शामिल हैं। इसके अलावा फायर ऑफिसर के 1, सुरक्षा अधिकारी के 3, शिफ्ट केमिस्ट के 6 और प्रोग्रामर के 3 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
ये भी पढ़ें: बलौदाबाजार में करंट से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, पति-बेटे के बाद मां ने भी तोड़ा दम
ITI और अन्य योग्यताधारी युवाओं के लिए भी मौका
भर्ती में कनिष्ठ अभियंता मैकेनिकल के 12, इलेक्ट्रिकल के 167, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9, कंप्यूटर साइंस के 1, सूचना प्रौद्योगिकी के 1 और सिविल के 26 पद शामिल हैं। वहीं, सब फायर ऑफिसर के 6, सुरक्षा निरीक्षक के 10 और सुरक्षा उप निरीक्षक के 19 पद निर्धारित किए गए हैं। अटेंडेंट (प्लांट) ग्रेड-III के तहत फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पदों पर नियुक्तियां होंगी। इसके अलावा फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 पद भी शामिल हैं।
मेडिकल, वित्त और प्रशासनिक पदों पर भी भर्ती
पावर कंपनियों की भर्ती में केवल इंजीनियरिंग और तकनीकी पद ही नहीं, बल्कि मेडिकल, वित्त एवं प्रशासनिक क्षेत्र के अभ्यर्थियों को भी अवसर मिलेगा। इनमें लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 15, चिकित्सा अधिकारी के 15, सहायक विधि अधिकारी के 8 और सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के 8 पद शामिल हैं। इसके अलावा स्टेनोग्राफर ग्रेड-III अंग्रेजी के 12 और हिंदी के 13 पद, सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 और सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पदों पर भर्ती होगी।
6 से 26 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन, जानिए जरूरी तारीख
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू हो चुके हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर 2026 रात 11:55 बजे निर्धारित की गई है। इसी समय सीमा तक अभ्यर्थी नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए विशेष शर्त
विज्ञापन के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता की शर्तें अलग-अलग निर्धारित हैं। इनकी पूरी जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दी गई है। तीनों कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम भी देना होगा। अंतिम चयन मेरिट, अभ्यर्थी की प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन से पहले जरूर पढ़ें भर्ती विज्ञापन
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। गलत जानकारी या पात्रता संबंधी शर्तों की अनदेखी से आवेदन में परेशानी हो सकती है।आधिकारिक वेबसाइट: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की वेबसाइट।




















