रायपुर में देशी ट्टा लेकर राहगीरों को धमकाया, MP का युवक गिरफ्तार

रायपुर: राजधानी रायपुर में दीपावली से पहले अवैध हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने का मामला सामने आया है। सरस्वती नगर पुलिस ने कुकुरबेड़ा इलाके में देशी कट्टा लेकर राहगीरों को धमका रहे मध्यप्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संबंधित खबर: गरबा ड्रेस में सिगरेट और पिस्टलनुमा हथियार के साथ रील, ‘गुंडी गैंग’ के 9 लोग गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस, घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि डुमर तालाब रोड के पास कुकुरबेड़ा में एक युवक हाथ में देशी कट्टा लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई के लिए टीम रवाना की। पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) रॉबिन्सन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त मानसी नानाभाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह चन्द्राकर के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।
तलाशी में मिला अवैध देशी कट्टा
पुलिस टीम ने इलाके में पहुंचकर संदिग्ध युवक की घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबर: बिलासपुर में गरबा ड्रेस में युवतियों का वीडियो वायरल, धूम्रपान और हथियार लहराने के दावे से मचा बवाल
मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप बसोर (23 वर्ष), पिता पंचम लाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम बहरैचा, वार्ड क्रमांक 07, मंदिर के पास, सोनौरी, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) का निवासी है। वर्तमान में उसका पता केडिया बिजनेस पार्क, टाटीबंध, थाना आमानाका, रायपुर बताया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रमेशचंद्र यादव, पीएसआई अजय सोनी, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक राम कुमार वर्मा और आरक्षक नरेन्द्र साहू का सराहनीय योगदान रहा।

संबंधित खबर: सुकमा में नक्सलियों के हथियार डंप पर बड़ा प्रहार,ऑटोमैटिक हथियार, बीजीएल सेल और विस्फोटक बरामद
अवैध हथियार लेकर घूमने वालों पर पुलिस की नजर
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने, उनका प्रदर्शन कर लोगों में भय पैदा करने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




















