Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

IND vs PAK U19 : अर्जुन राजपूत की सेंचुरी पर भारी पड़ा हमजा जहूर का शतक, पाकिस्तान ने 3 विकेट से जीता मुकाबला

अंडर-19 एशिया कप में भारत को पाकिस्तान ने 3 विकेट से हराया। अर्जुन राजपूत ने 107 रन बनाए, लेकिन हमजा जहूर ने नाबाद 100 रन जड़कर पाकिस्तान को जीत दिलाई।
IND vs PAK U19 : अर्जुन राजपूत की सेंचुरी पर भारी पड़ा हमजा जहूर का शतक, पाकिस्तान ने 3 विकेट से जीता मुकाबला

एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। रविवार (8 नवंबर) को अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर के नाबाद शतक की बदौलत 48.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

अर्जुन राजपूत ने 85 गेंदों पर बनाए 107 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद वीके विनीत 8 और उप-कप्तान यशबर्धन चौहान 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। एक समय भारत का स्कोर 22 रन पर 3 विकेट था।

आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ से बड़ी पारियों की उम्मीद थी, लेकिन दोनों ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। आर्यवीर ने 40 गेंदों पर 22 रन बनाए, जबकि अन्वय द्रविड़ 10 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद अर्जुन राजपूत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने मनल चौहान के साथ छठे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। मनल 11 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन अर्जुन की बल्लेबाजी जारी रही। उन्होंने 80 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और 85 गेंदों में 107 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। काव्य पटेल ने भी 23 रन बनाकर टीम का स्कोर 208 तक पहुंचाया। भारतीय टीम 46.3 ओवर में ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से अली रजा, रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक ने 3-3 विकेट लिए।

Breaking News

हमजा जहूर ने नाबाद शतक लगाकर पलटा मैच

209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को हमजा जहूर ने संभाला। विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा ने 108 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। हसनैन अब्बास डार ने भी 38 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी हुई, जिसने पाकिस्तान को जीत के करीब पहुंचा दिया। भारत की ओर से मनल चौहान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट लिए। पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम किया।

नेपाल के खिलाफ भारत ने दर्ज की थी बड़ी जीत

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 10 विकेट से हराया था। उस मैच में आर्यवीर सहवाग ने 52 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए थे। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ वह 22 रन ही बना सके। भारत का अगला मुकाबला मंगलवार (10 नवंबर) को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की अंडर-19 टीम से होगा।

भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक 31 मुकाबले

भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीमों के बीच अब तक 31 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 17 और पाकिस्तान ने 13 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts