Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर के राऊ में पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी:उजड़ गया पूरा परिवार!

इंदौर के राऊ स्थित साईं विहार कॉलोनी में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई। पवन सोनी (40) ने कथित तौर पर पहले पत्नी वर्षा (35) का चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी, फिर खुद फांसी लगा ली। दोनों बच्चों को खेलने भेजा था। शाम को लौटे 15 साल के बेटे और 7 साल की बेटी ने माता-पिता के शव देखे। पुलिस को मामले में प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक विवाद की आशंका से जुड़े पहलुओं की जांच है।
इंदौर के राऊ में पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी:उजड़ गया पूरा परिवार!

इंदौर के राऊ इलाके में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। साईं विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त घर में मौजूद दोनों बच्चों को पिता ने खेलने के बहाने पास के गार्डन में भेज दिया था। जब 15 साल का बेटा और 7 साल की बेटी खेलकर घर लौटे तो मां का शव कमरे में पड़ा था, जबकि पिता फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर दोनों बच्चे सहम गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

शाम 4 बजे घर लौटे तो सामने था खौफनाक मंजर

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान पवन सोनी (40) और उसकी पत्नी वर्षा (35) के रूप में हुई है। रविवार को पवन ने अपने दोनों बच्चों को घर के पास स्थित गार्डन में खेलने के लिए भेज दिया था। शाम करीब 4 बजे जब बच्चे वापस लौटे तो घर के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। मां का शव कमरे में पड़ा था और पिता फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पत्नी का चाकू से रेता गया था गला

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी निधि सक्सेना के मुताबिक, पुलिस को शुरुआत में पवन के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम घर के अंदर पहुंची तो वहां उसकी पत्नी वर्षा का शव भी मिला। वर्षा का गला चाकू से रेता गया था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है।

वेल्डिंग के काम के लिए घर आया था रेहान

जांच में एक रेहान नाम के युवक का भी जिक्र सामने आया है। बताया जा रहा है कि पवन ने कुछ समय पहले रेहान को घर में वेल्डिंग का काम करने के लिए बुलाया था। इसके बाद रेहान और वर्षा के बीच बातचीत होने लगी थी। इसी बात को लेकर पवन और वर्षा के बीच विवाद चलने की जानकारी सामने आई है। यह भी बताया जा रहा है कि रेहान आए दिन पवन को धमकाता था।हालांकि, पुलिस ने फिलहाल कथित प्रेम-प्रसंग और विवाद से जुड़े आरोपों की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

दोस्तों से कहा था- पत्नी की हत्या की साजिश रची जा रही है

बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले शनिवार को पवन इलाके में रहने वाले कुछ दोस्तों से मिला था। बातचीत के दौरान उसने आरोप लगाया था कि रेहान ने उसकी पत्नी का दिमाग बदल दिया है। पवन ने दोस्तों से यह भी कहा था कि रेहान और उसकी पत्नी उसे और बच्चों को मारने की योजना बना रहे हैं। इसके लिए दीपावली के बाद का समय तय किए जाने की बात भी उसने कही थी।

मोबाइल रिकॉर्डिंग से खुल सकते हैं कई राज

पवन ने दोस्तों को यह भी बताया था कि उसके पास दोनों के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है। उसके मुताबिक, रिकॉर्डिंग से पता चल सकता है कि दोनों के बीच काफी समय से बातचीत चल रही थी। अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts