टीआई हत्याकांड से जुड़े अहम आरोपी की मौत! अहमदाबाद में दो दिन से चल रहा था इलाज, ब्रेन स्ट्रोक बना वजह

देवास -देवास जिले के खातेगांव में टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की मौत से जुड़े चर्चित मामले में एक और घटनाक्रम सामने आया है। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े नेटवर्क में आरोपी बनाए गए अहमदाबाद निवासी मोहिन जायसवाल की रविवार को मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसे ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब दो दिनों तक उसका उपचार चला, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इस मामले की जांच कर रही एसआईटी भी अहमदाबाद में उसकी गतिविधियों और स्वास्थ्य की जानकारी पर नजर रखे हुए थी।
संबंधित खबर: TI को मिनी ट्रक से कुचलकर भागे ड्राइवर का शॉर्ट एनकाउंटर! आलीराजपुर में पुलिस ने दबोचा
अहमदाबाद में चल रहा था उपचार, रविवार को ली अंतिम सांस
जानकारी के मुताबिक, मोहिन जायसवाल की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उसे ब्रेन स्ट्रोक आने की जानकारी दी थी। पिछले दो दिनों से उसका इलाज जारी था। रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसका अंतिम संस्कार सोमवार को किए जाने की जानकारी सामने आई है।
संबंधित खबर: टीआई की मौत के बाद हरदा में शराब दुकानों पर कार्रवाई, तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित; आबकारी अधिकारी भी सस्पेंड
एसआईटी भी जुटा रही थी आरोपी से जुड़ी जानकारी
टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड और अवैध शराब के नेटवर्क की पड़ताल के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) इस मामले में अलग-अलग कड़ियां जोड़ रही है। इसी जांच के सिलसिले में अहमदाबाद निवासी मोहिन जायसवाल पर भी नजर रखी जा रही थी। उसकी मौत की पुष्टि कन्नौद एसडीओपी और एसआईटी सदस्य आदित्य तिवारी ने की है। उनके मुताबिक, शुरुआती जानकारी में बीमारी के चलते मौत होने की बात सामने आई है। घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
संबंधित खबर: देवास में शराब तस्करी रोकने पहुंचे TI दिलीप पूरी को बेरहमी से कुचला- मौत ,आयशर का पहिया चढ़ा और चली गई जान
चेकिंग के दौरान मिनी ट्रक से कुचलकर हुई थी टीआई की मौत
यह पूरा मामला 1 नवंबर की रात का है। इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर खातेगांव थाना क्षेत्र में पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान अवैध शराब से भरा एक मिनी ट्रक वहां पहुंचा। आरोप है कि ट्रक चालक ने चेकिंग कर रहे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को वाहन से कुचल दिया और मौके से भाग निकला। घटना के बाद आरोपी चालक ने कुछ दूरी पर वाहन छोड़ दिया और फरार हो गया। इस घटना में टीआई की मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
ये भी पढ़ें: देवास में मिलावटखोरों सक्रिय :10.80 क्विंटल मावा एवं मिठाइयां जब्त, स्वीट्स संचालक पर FIR
पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश, शॉर्ट एनकाउंटर में घायल हुए थे दोनों आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने मिनी ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और उसके सहयोगी धीरज को गिरफ्तार किया था। दोनों को देवास के रास्ते खातेगांव ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उन्होंने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की।पुलिस के मुताबिक, दोनों को रोकने के लिए की गई कार्रवाई में वे घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया था। इस घटनाक्रम को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर बताया था।
अब मोहिन की मौत से जांच में जुड़ा नया पहलू
टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या और अवैध शराब के नेटवर्क की जांच के बीच मोहिन जायसवाल की मौत ने मामले में एक नया घटनाक्रम जोड़ दिया है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने उसकी मौत की वजह बीमारी बताई है। एसआईटी इस नेटवर्क से जुड़े लोगों, उनकी भूमिका और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों की जांच कर रही है। मोहिन की मौत से संबंधित अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।




















