Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायपुर में भीम आर्मी पर FIR, प्रदेश अध्यक्ष समेत 11 पर मामलादर्ज

पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में सड़क पर उतरे 100 से 150 कार्यकर्ता, OCM चौक पर लगाया जाम, PM मोदी के खिलाफ नारेबाजी, एंबुलेंस और स्कूल बसें भी फंसीं,रायपुर में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में भीम आर्मी ने OCM चौक पर प्रदर्शन किया। करीब 100 से 150 कार्यकर्ताओं ने मुख्य सड़क पर बैठकर नारेबाजी की, जिससे यातायात बाधित हुआ।
रायपुर में भीम आर्मी पर FIR, प्रदेश अध्यक्ष समेत 11 पर मामलादर्ज

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में प्रदर्शन करना भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। OCM चौक के पास मुख्य सड़क पर बैठकर यातायात बाधित करने और पुलिस की समझाइश के बावजूद रास्ता नहीं खोलने के मामले में कोतवाली पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। प्रदर्शन में करीब 100 से 150 कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।

100 से 150 कार्यकर्ताओं का मार्च, OCM चौक पर रोका रास्ता

पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर भीम आर्मी के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजधानी की सड़कों पर उतरे। मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च करते हुए प्रदर्शनकारी OCM चौक पहुंचे। यहां कार्यकर्ता मुख्य सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ ही देर में मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारे लगाए।

संबंधित खबर: धमतरी में प्रार्थना सभा को लेकर बवाल,हिंदू संगठन-भीम आर्मी आमने-सामने, 7 घंटे चला प्रदर्शन

एंबुलेंस और स्कूल बसें जाम में फंसीं, आम लोग परेशान

OCM चौक पर सड़क जाम होने का असर आम नागरिकों पर भी पड़ा। मरीजों को अस्पताल लेकर जा रही एंबुलेंस और स्कूली बच्चों को घर पहुंचाने वाली बसें भी जाम में फंस गईं। मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित होने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

लाउडस्पीकर से समझाती रही पुलिस, नहीं माने प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और उन्हें नवा रायपुर के तूता स्थित निर्धारित धरना स्थल पर जाकर प्रदर्शन करने के लिए कहा। हालांकि, पुलिस की समझाइश के बाद भी प्रदर्शनकारी मुख्य सड़क से हटने और रास्ता खोलने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके चलते पुलिस ने यातायात बाधित करने के मामले में कानूनी कार्रवाई की।

दिनेश आजाद, देवेंद्र मैरिसा समेत 11 पर FIR

पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद, जिला अध्यक्ष देवेंद्र मैरिसा, युवराज ढीढी समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक मार्ग बाधित करने और समझाइश के बाद भी रास्ता नहीं खोलने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

संबंधित खबर: उज्जैन में भीम आर्मी का प्रदर्शन : चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले का जताया विरोध, जेड प्लस सिक्योरिटी की मांग

प्रदर्शन की तस्वीरें: सड़क पर नारेबाजी, मौके पर भारी पुलिस बल

प्रदर्शन के दौरान एक युवक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करता दिखाई दिया। OCM चौक पर प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए थे। सड़क जाम होने से एंबुलेंस और स्कूल बसों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts