कोरिया में दिल दहला देने वाली वारदात :भतीजे ने चाचा की फावड़े से हत्या की, फिर कुएं में कूदकर दी जान

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में भतीजे ने दिनदहाड़े अपने चाचा की फावड़े से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर पहुंचा और फिर पुराने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना (Chhattisgarh Crime) से गांव में सनसनी और शोक का माहौल है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
भतीजे ने चाचा की फावड़े से हत्या की, फिर कुएं में कूदकर दी जान
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर पटना थाना क्षेत्र के ग्राम जमगहना (जूनापारा) में एक युवक ने अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी जान दे दी। इस घटना (Chhattisgarh Crime) से गांव में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के लिए यह मामला इसलिए भी चौंकाने वाला है, क्योंकि दोनों परिवारों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं था।

    क्या है पूरा मामला

    जानकारी के मुताबिक मृतक उपेंद्र नारायण बरगाह (56) जूनापारा में किराना दुकान चलाते थे। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे वे अपनी दुकान के सामने चबूतरे पर बैठे हुए थे। उसी दौरान उनका भतीजा कौशल बरगाह (37) हाथ में फावड़ा लेकर वहां पहुंचा।

    चाचा कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कौशल ने बिना कुछ कहे उनके सिर पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उपेंद्र नारायण की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

    हत्या के बाद घर पहुंचा आरोपी

    हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी कौशल बरगाह मौके से भागा और अपने घर पहुंचा। उसने खून से सना फावड़ा घर में ही रखा और फिर घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक पुराने कुएं में कूद गया। ग्रामीणों ने जब उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दोहरी मौत से गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

    Breaking News

    मानसिक बीमारी से जूझ रहा था आरोपी

    परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, कौशल बरगाह की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। उसका इलाज चल रहा था और मृतक चाचा उपेंद्र नारायण उसके इलाज में आर्थिक रूप से मदद भी कर रहे थे। सबसे हैरानी की बात यह है कि, दोनों परिवारों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं था। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

    सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

    घटना की जानकारी मिलते ही पटना थाना प्रभारी राजेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एएसपी पंकज पटेल और एफएसएल वैज्ञानिक शारदा दुबे भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

    यह भी पढ़ें: Peoples Update Special : भोपाल में साल दर साल बढ़ रहे अंगदान, 30 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया ऑर्गन डॉनेशन

    पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

    पटना थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि, यह मामला मर्डर और सुसाइड से जुड़ा है। आरोपी ने पहले अपने चाचा की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। मामले में धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे जमगहना गांव में शोक की लहर है। दो परिवारों पर एक साथ दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटना की उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।

    यह भी पढ़ें: सांप से पिता की हत्या! बीमा के लिए ‘कलयुगी’ बेटे की खौफनाक हरकत

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts