PlayBreaking News

घरों में लगाई आग, पुलिस पर पथराव…गरियाबंद में दो पक्षों में झड़प, जानें क्यों भड़की हिंसा?

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुराने धार्मिक विवाद को लेकर दो समुदायों में हिंसक झड़प हो गई। मारपीट के बाद आगजनी और पथराव की घटनाएं सामने आईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस पर हमला हुआ। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं।
Follow on Google News
गरियाबंद में दो पक्षों में झड़प, जानें क्यों भड़की हिंसा?
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक बार फिर कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के बकली और दूतकैंया गांव में पुराने धार्मिक विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट, आगजनी और पथराव भी हुआ। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं।

    कहां और कैसे शुरू हुआ विवाद

    पुलिस के अनुसार, यह मामला करीब एक साल पुराने धार्मिक विवाद से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि, इस विवाद में शामिल एक आरोपी हाल ही में जेल से रिहा होकर गांव लौटा था। जेल से छूटने के बाद आरोपी ने गांव पहुंचते ही कुछ ग्रामीणों के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। इस घटना से गांव में तनाव फैल गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि, आरोपी और उसके साथियों ने पहले भी गांव में लूटपाट, मारपीट और शिव मंदिर में तोड़फोड़ की थी, जिसको लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

    मारपीट से आगजनी तक पहुंचा मामला

    रविवार को सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ विवाद कुछ ही घंटों में उग्र हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष से जुड़े चार घरों में आग लगा दी। इसके अलावा तीन से चार वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। आगजनी की घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई लोगों को चोटें आई हैं।

    पुलिस पर भी हुआ पथराव

    हिंसा की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। इसी दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर भी ईंट-पत्थर फेंके। इस हमले में एक पुलिसकर्मी समेत कुछ स्थानीय लोग घायल हुए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग और एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया।

    IG और SP ने संभाला मोर्चा

    घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अमरेश मिश्रा देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा की और गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए।

    गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि आरिफ नामक एक पुराने आरोपी की शिकायत के बाद यह पूरा विवाद शुरू हुआ। आरोपी ने न सिर्फ अपने गांव बल्कि दूसरे गांव में जाकर भी विवाद किया, जिसके संबंध में राजिम थाने में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।

    अब तक तीन गिरफ्तार

    पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि आरोपियों की गतिविधियों से नाराज ग्रामीणों ने उनके घरों की घेराबंदी की, जिसके बाद मामला हिंसक रूप ले बैठा।

    गांव में कर्फ्यू जैसे हालात

    हिंसा के बाद पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात हैं। गांव और आसपास के इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इंटरनेट और अफवाहों पर भी नजर बढ़ा दी है। लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

    ग्रामीणों की आपबीती

    घायल ग्रामीण रेखराम यादव ने बताया, मैं अपने दोस्त के साथ बाइक से काम पर गया था, तभी कुछ कार सवार लोगों ने हम पर पत्थर से हमला कर दिया।

    वहीं गांव के जितेंद्र यादव का कहना है कि, यह पूरा मामला शिव मंदिर तोड़ने से जुड़ा है, जिसका केस कोर्ट में चल रहा है। उनका आरोप है कि जेल से छूटने के बाद आरोपी दोबारा गांव में दहशत फैलाने लगे।

    पुराना विवाद बना हिंसा की वजह

    पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, करीब चार महीने पहले गांव से कुछ अपराधियों का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे राहगीरों से लूटपाट और मारपीट करते दिखे थे। उस समय पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से रिहाई के बाद एक बार फिर विवाद खड़ा हुआ और इसने सांप्रदायिक रूप ले लिया।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts