Gariyaband:विश्व आदिवासी दिवस पर गरियाबंद पहुंचेंगे AAP सांसद संजय सिंह, जल-जंगल-जमीन के मुद्दे पर करेंगे आवाज बुलंद

रायपुर/गरियाबंद: विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाने जा रही है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह 9 अगस्त को गरियाबंद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में आदिवासी समाज के अधिकारों, समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा होगी।
ये भी पढ़ें: kanker: कांकेर में सांप के काटने के बाद युवक ने गले में लटकाया वही सांप, बाइक से अस्पताल जाने का VIDEO वायरल
गरियाबंद में जुटेगा आदिवासी समाज
9 अगस्त को गरियाबंद में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ की ओर से राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान आदिवासी समाज के विभिन्न प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
जल-जंगल-जमीन के अधिकार पर फोकस
कार्यक्रम में आदिवासी समाज से जुड़े प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। विशेष रूप से जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकार, उनके अधिकारों को प्रभावित करने वाली नीतियों और लंबे समय से लंबित मांगों पर चर्चा होगी। आप का कहना है कि यह कार्यक्रम आदिवासी समाज की आवाज को मजबूती देने का मंच बनेगा।
मुकेश अहलावत भी रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी, दिल्ली के पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक मुकेश अहलावत भी शामिल होंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ आप के पदाधिकारी और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों की भी कार्यक्रम में मौजूदगी रहेगी।
8 अगस्त रात को रायपुर पहुंचेंगे संजय सिंह
तय कार्यक्रम के मुताबिक सांसद संजय सिंह 8 अगस्त की रात करीब 9 बजे माना एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद उनका रात्रि विश्राम नवा रायपुर स्थित नवीन विश्राम गृह में होगा।
सुबह मीडिया से चर्चा, फिर गरियाबंद के लिए रैली
9 अगस्त की सुबह 9 बजे नवा रायपुर में संजय सिंह मीडिया से चर्चा करेंगे। इसके बाद करीब सुबह 9:30 बजे नवा रायपुर से गरियाबंद के लिए रैली रवाना होगी। दोपहर करीब 3 बजे गरियाबंद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वे शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में भगवान शिव पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से बवाल, क्रिश्चियन फोरम पदाधिकारी गिरफ्तार
AAP ने की कार्यक्रम में पहुंचने की अपील
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने प्रदेश के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। पार्टी के मुताबिक विश्व आदिवासी दिवस का यह आयोजन आदिवासी समाज के अधिकारों और उनकी आवाज को व्यापक स्तर पर सामने रखने का अवसर है।












