जुन्नारदेव में WCL साइडिंग पर सिक्योरिटी गार्ड और साथियों से मारपीट, लाठी-रॉड से हमले में 3 घायल

जुन्नारदेव। थाना जुन्नारदेव अंतर्गत डूंगरिया पुलिस चौकी के हिरदागढ़ स्थित वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की साइडिंग रेलवे स्टेशन के पीछे 9 नवंबर की रात करीब 9 बजे मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड एवं उसके साथियों के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि कार खड़ी करने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। शिकायत के अनुसार, हिरदागढ़ निवासी छह युवकों ने एकराय होकर मेहुल शर्मा एवं उसके भाई सोभिक शर्मा के साथ मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे सौरभ अहिरवार को भी निशाना बनाए जाने का आरोप है।
घटना में तीनों घायल हुए हैं, जिनमें सोभिक शर्मा को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा रेफर किया गया। मामले में जातिसूचक गालियां देने, सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है।
कार खड़ी करने की बात पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, फरियादी सौरभ अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 1 पुरानी बस्ती जुन्नारदेव ने बताया कि 9 नवंबर की रात वह अपने परिचित मेहुल शर्मा एवं सोभिक शर्मा के साथ हिरदागढ़ स्थित वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड साइडिंग क्षेत्र में मौजूद था।
मेहुल शर्मा वहां सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। इसी दौरान कार क्रमांक MP-28-ZR-5727 के पास खड़े होने को लेकर हिरदागढ़ निवासी मोनू यदुवंशी एवं राज यदुवंशी से विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने फरियादी के साथ जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल किया और गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए।
कुछ देर बाद पहुंचे अन्य युवकों ने की मारपीट
शिकायत में आगे बताया गया कि कुछ देर बाद मोनू यदुवंशी, राज यदुवंशी सहित अन्य युवक मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर मेहुल शर्मा एवं उसके भाई सोभिक शर्मा पर हमला कर दिया। इस दौरान लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिससे दोनों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं। बीच-बचाव के दौरान सौरभ अहिरवार के साथ भी मारपीट एवं जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी उल्लेख किया गया है। वहीं, घटना के दौरान मोबाइल फोन छीनने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मारपीट की शिकायत लेकर विधायक के साथ थाने पहुंचीं पूजा गांधी, एफआईआर की मांग
छह युवकों पर अलग-अलग धाराओं में मामले दर्ज
घटना में घायल मेहुल शर्मा एवं सोभिक शर्मा निवासी वार्ड क्रमांक 12 जुन्नारदेव तथा सौरभ अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 1 पुरानी बस्ती जुन्नारदेव बताए गए हैं। मामले में पुलिस ने मोनू यदुवंशी, राज यदुवंशी, अनिल यदुवंशी, आदर्श अग्रवाल, ऋषभ ठाकुर एवं अयान खान, सभी निवासी हिरदागढ़ के विरुद्ध अपराध क्रमांक 456/2026 दर्ज किया है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3), 3(5) तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) एवं 3(2)(वीए) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने शुरू की विवेचना, आरोपियों की तलाश
घटना के बाद जुन्नारदेव पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शिकायत में नामजद छह आरोपियों की तलाश की जा रही है। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड जैसे औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के साथ हुई इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




















