Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके खोजते-खोजते बना हत्यारा... 4 साल के मासूम की हत्या कर निकाले आंख-किडनी और फेफड़े

छत्तीसगढ़ के जशपुर में 4-5 साल के जितेंद्र राम की हत्या के मामले में पुलिस ने 27 वर्षीय बासुदेव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे के शरीर से अंग निकालकर बाल्टी में रखे थे।
सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके खोजते-खोजते बना हत्यारा... 4 साल के मासूम की हत्या कर निकाले आंख-किडनी और फेफड़े

छत्तीसगढ़ के जशपुर में 4-5 साल के मासूम जितेंद्र राम की हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू ने बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके शरीर से किडनी, फेफड़े और आंख निकालकर बाल्टी में रख दिए। आरोपी ने शव को बोरी में भरकर खेत के गड्ढे में दबा दिया था।

7 नवंबर को दर्ज हुई थी बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट

पुलिस के अनुसार, सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम ने 7 नवंबर को अपने 4-5 साल के बेटे जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामजीत करीब एक साल पहले परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था। परिवार आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रहता था। गोर्रापाठ निवासी बासुदेव उर्फ टंगनू का रामजीत के घर आना-जाना था। वह रिश्ते में उसका ममेरा भाई लगता था। परिजनों के मुताबिक, 5 नवंबर की सुबह बासुदेव रामजीत और एक अन्य परिचित को अपने साथ शराब पीने ले गया था। बाद में रामजीत और दूसरा व्यक्ति बस स्टैंड की ओर चले गए, जबकि बासुदेव अपनी झोपड़ी लौट गया। घर पहुंचने पर रामजीत को जितेंद्र नहीं मिला। तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बच्चे को बासुदेव के साथ खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखने की बात बताई।

खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिला शव

7 नवंबर की सुबह परिजन दोबारा बच्चे की तलाश में निकले। इसी दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी दिखाई दी। बोरी खोलने पर अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा बच्चे का शव मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सोशल मीडिया पर ज्यादा पैसे कमाने के तरीके खोज रहा था आरोपी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था और ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसी वजह से वह सोशल मीडिया पर कमाई के अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आने की बात बताई।

Breaking News

बच्चे को बहलाकर झोपड़ी में ले जाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने कथित बयान में बताया कि 5 नवंबर को रास्ते में उसे जितेंद्र मिला था। वह बच्चे को बहलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया। इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे ले गया और कुछ समय जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस लौटा। पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चे को लेकर सन्ना खुटाटांगर पहुंचा, जहां से उसने शराब और मुर्गा खरीदा। झोपड़ी में मुर्गा बनाने के बाद उसने बच्चे को भी शराब पिलाई। बच्चे के सो जाने पर चाकू से उसका गला रेतकर हत्या करने का आरोप है।

शरीर से अंग निकालकर बाल्टी में रखे

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या के बाद बच्चे के सीने और पेट को काटकर किडनी, फेफड़े और आंख निकालने की बात कबूल की। इन अंगों को उसने प्लास्टिक की बाल्टी में रखा। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में दबा दिया।

आरोपी की निशानदेही पर बरामदगी

पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27) की निशानदेही पर बच्चे का शव, वारदात में इस्तेमाल चाकू और फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और आरोपी का मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts