सीधी में भंवरसेन पहाड़ी से माता की आकृति वाली मूर्ति गायब, ग्रामीणों में आक्रोश; मिलीभगत की आशंका जताई

सीधी। जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत अंतर्गत शिकारगंज गांव की भंवरसेन पहाड़ी से माता की आकृति वाली पत्थर की मूर्ति संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। मंगलवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहाड़ी पर पहुंचे ग्रामीणों को निर्धारित स्थान पर मूर्ति नहीं मिली। इसकी जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मूर्ति को जल्द बरामद करने की मांग की है। बताया गया है कि नवरात्रि के दौरान 15 अक्टूबर को पहाड़ी पर माता की आकृति वाली यह प्राकृतिक शिला पहली बार दिखाई दी थी। इसके बाद से ही ग्रामीणों की इससे गहरी आस्था जुड़ गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे थे। हालांकि पहाड़ी तक पहुंचने का रास्ता दुर्गम है। यहां गहरी खाई और हिंसक वन्यजीवों का खतरा भी बना रहता है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने पहाड़ी पर जाने पर प्रतिबंध लगाया था, इसके बावजूद श्रद्धालुओं का वहां पहुंचना जारी था।
सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीण, मौके से गायब मिली मूर्ति
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहाड़ी पर पहुंचे, तो वहां से मूर्ति गायब मिली। इसकी खबर आसपास के गांवों में फैलते ही लोगों में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों ने इसे अपनी आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए संगठित होकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। मामले को लेकर मंगलवार शाम ग्रामीणों की आपात बैठक भी बुलाई गई। इसमें मूर्ति गायब होने की निष्पक्ष जांच कराने और उसे सकुशल बरामद करने के लिए पुलिस को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
मुख्य पुजारी ने जताई मिलीभगत की आशंका
मंदिर के मुख्य पुजारी बसंत लाल सिंह ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह कुछ अज्ञात लोगों और पुलिसकर्मियों को पहाड़ी की तरफ जाते हुए देखा गया था। उन्होंने आशंका जताई कि मिलीभगत से मूर्ति को वहां से हटाया गया है या चोरी की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण थाने में ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।
सीधी में मां ने खुद जहर खाया, डेढ़ साल के बेटे को भी पिलाया; मासूम रीवा रेफर
शिकायत मिलने पर शुरू होगी जांच: थाना प्रभारी
रामपुर नैकिन थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में अभी तक ग्रामीणों या मंदिर प्रबंधन की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने के बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की जाएगी।




















