Raipur:पुलिस वाहन को पेट्रोल बम से उड़ाने की दी धमकी, NSA में लल्ला जेल गया तो पुलिस से भिड़े समर्थक, सभी आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: रायपुर के गोबरा नवापारा में कुख्यात बदमाश टूमन सोनवानी उर्फ लल्ला को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत केंद्रीय जेल भेजने के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पुलिस के मुताबिक, लल्ला को ले जा रहे वाहन को उसके समर्थकों और परिजनों ने घेरकर उसे छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और पेट्रोल बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोप है। मामले में नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में भगवान शिव पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से बवाल, क्रिश्चियन फोरम पदाधिकारी गिरफ्तार
NSA के तहत लल्ला पर कार्रवाई
रायपुर कलेक्टर ने 31 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980 की धारा 3(2) के तहत टूमन सोनवानी उर्फ लल्ला को अग्रिम आदेश तक केंद्रीय जेल रायपुर में निरुद्ध रखने का आदेश जारी किया था। पुलिस को उसके जमानत पर जेल से बाहर आने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने आदेश की तामील करते हुए उसे अभिरक्षा में लिया और केंद्रीय जेल रायपुर ले जाने की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस वाहन को घेरने का आरोप
पुलिस के अनुसार, लल्ला को थाने से केंद्रीय जेल ले जाते समय स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिलों से करीब 15 लोग पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने पुलिस वाहन को रोक लिया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए लल्ला को हिरासत से छुड़ाने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें: Durg Bhilai: भिलाई ट्रिपल मर्डर पत्नी-बेटी समेत 3 हत्याओं में फांसी रद्द, अब आखिरी सांस तक जेल में रहेगा रवि शर्मा
पेट्रोल बम से उड़ाने की धमकी
पुलिस का आरोप है कि हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों को पेट्रोल बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके साथ ही पुलिस वाहन और थाना जलाने की धमकी भी दी गई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लल्ला को सुरक्षित केंद्रीय जेल रायपुर पहुंचा दिया।

इन लोगों पर दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद पुलिस ने यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल, खुलेश कुमार रात्रे, लल्ला सोनवानी, नगर पालिका सभापति केकती बाई सोनवानी, माधुरी सोनवानी और जागृति सोनवानी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया पुलिस के मुताबिक, सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
BNS की कई धाराओं में FIR
गोबरा नवापारा थाने में घटना को लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 351(2), 121(1), 126(2), 132, 221 एवं 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घर-दुकानों पर पुलिस की दबिश
घटना के बाद पुलिस ने लल्ला सोनवानी के घर और दुकानों पर भी तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान पेट्रोल का अवैध भंडारण मिला है। इस संबंध में अलग से अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: kanker: भालू के खौफ से गांव में बवाल,स्कूल बंद करने पर अड़े ग्रामीण, कलेक्टर-विधायक को मौके पर बुलाने की मांग
लल्ला जेल गया, समर्थक भी पहुंचे जेल
NSA के तहत टूमन सोनवानी उर्फ लल्ला को केंद्रीय जेल रायपुर भेजे जाने के बाद उसे छुड़ाने के प्रयास में पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में उसके समर्थक और परिजन भी जेल पहुंच गए। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने साफ किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












