Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गोवर्धन पूजा के मंच से लालसिंह आर्य का विरोधियों को जवाब, बोले- गोहद का सम्मान बनाए रखूंगा

भिंड के गोहद में सामूहिक गोवर्धन पूजा और दीपावली मिलन समारोह में लालसिंह आर्य ने सामाजिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बेटा प्रशांत आर्य राजनीति में लॉन्च नहीं होगा।
गोवर्धन पूजा के मंच से लालसिंह आर्य का विरोधियों को जवाब, बोले- गोहद का सम्मान बनाए रखूंगा
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य

भिंड। सामूहिक गोवर्धन पूजा और दीपावली मिलन समारोह के मंच से भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक लालसिंह आर्य ने सामाजिक एकता और प्रकृति संरक्षण का संदेश देने के साथ राजनीतिक चर्चाओं पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोहद की प्रतिष्ठा और सम्मान को कभी कलंकित नहीं होने देंगे। वहीं, बेटे प्रशांत आर्य की राजनीतिक सक्रियता को लेकर चल रही चर्चाओं पर कहा कि उनका बेटा राजनीति में लॉन्च नहीं होगा। मौ रोड स्थित श्याम वाटिका में आयोजित इस समारोह में 1000 से अधिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

भक्ति और परंपरा के बीच हुआ सामूहिक गोवर्धन पूजन

कार्यक्रम में गोहद के स्थानीय कलाकारों ने भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां दीं। सोनू जादौन म्यूजिकल ग्रुप के भजनों से श्याम वाटिका का माहौल भक्तिमय हो गया। इसके बाद बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने सामूहिक रूप से गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक की मौजूदगी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया।

प्रकृति हमें जीवन देती है, उसका संरक्षण हमारा दायित्व: आर्य

समारोह को संबोधित करते हुए लालसिंह आर्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहार केवल धार्मिक परंपराओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। दीपावली पांच दिनों तक मनाया जाने वाला महापर्व है और इसमें गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है। भारतीय परंपरा में गौमाता के साथ प्रकृति की पूजा का भी विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमें जीवन देती है, इसलिए उसका सम्मान और संरक्षण करना हमारा दायित्व है। भारत में कुएं, तालाब, नदियों, पहाड़ों और पेड़-पौधों की पूजा की परंपरा प्रकृति के प्रति आदर और कृतज्ञता का प्रतीक है। आर्य ने बताया कि उन्होंने गोहद में कार्यकर्ताओं के साथ दीपावली मिलन समारोह और सामूहिक गोवर्धन पूजा की परंपरा शुरू की है। ऐसे आयोजन समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम और विश्वास को मजबूत करते हैं।

गलत तरीके से आगे बढ़ने वालों को जवाब दूंगा: आर्य

अपने संबोधन में लालसिंह आर्य ने राजनीतिक विरोधियों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता से केवल आशीर्वाद चाहिए और उनका ध्येय गोहद को गौरवान्वित करना है। गोहद की प्रतिष्ठा और सम्मान को कभी कलंकित नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि वे किसी की खिलाफत नहीं करते और न ही बदले की भावना रखते हैं, लेकिन यदि कोई उनके खिलाफ गलत तरीके से आगे बढ़ेगा तो उसका जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने रावण दहन का उल्लेख करते हुए अपनी बात रखी।

मेरा बेटा राजनीति में लॉन्च नहीं होगा: लालसिंह आर्य

बेटे प्रशांत आर्य की क्षेत्र में सक्रियता और राजनीतिक भूमिका को लेकर उठ रही चर्चाओं पर लालसिंह आर्य ने स्पष्ट किया कि उनका बेटा राजनीति में लॉन्च नहीं होगा। उन्होंने कहा कि गोहद विधानसभा क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और परिवार के सुख-दुख में शामिल होना उनकी जिम्मेदारी है। जब वे क्षेत्र से बाहर रहते हैं, तब प्रशांत आर्य लोगों के सुख-दुख में शामिल होने पहुंचता है। यह किसी राजनीतिक महत्वाकांक्षा या उसे राजनीति में स्थापित करने की कोशिश नहीं बल्कि जनता के साथ पारिवारिक संबंधों और जिम्मेदारी को निभाने का हिस्सा है।

भिंड में जेल से फरार पॉक्सो आरोपी 5 महीने बाद गिरफ्तार, मंदिर के पास छिपा था, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

समारोह में ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त संजीव कांकर तथा वरिष्ठ भाजपा नेता और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित भिंड के पूर्व अध्यक्ष केपी सिंह भदौरिया विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा मायाराम शर्मा, रमेश दुबे और गब्बर सिंह गुर्जर सहित कई गणमान्य नागरिक मंच पर उपस्थित रहे।

Asgar Khan
By Asgar Khan

Latest Posts