Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कुबेरश्वरधाम में खजाना पूजन के लिए उमड़े हजारों श्रद्धालु, अन्नकूट में 56 भोग से सजेगा गिरिराज

सीहोर के कुबेरश्वरधाम में दीपावली पर विशेष खजाना पूजन हुआ। अब अन्नकूट महोत्सव में गोवर्धन पर्वत की झांकी 56 भोग से सजाई जाएगी।
रोशनी से नहाया धाम, भक्ति में डूबे श्रद्धालु

सीहोर।  चितावलिया हेमा स्थित में दीपावली का पर्व इस बार आस्था, उल्लास और दिव्यता के अनूठे संगम के रूप में मनाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, विद्युत झालरों और मनमोहक सजावट से पूरा धाम जगमगा उठा।

दीपों की पवित्र आभा के बीच हजारों श्रद्धालु बाबा कुबेर भंडारी के दर्शन के लिए पहुंचे और विशेष खजाना पूजन में सहभागी बने। मंदिर परिसर में हर ओर जयकारों की गूंज और श्रद्धा का भाव दिखाई दिया।

बाबा कुबेर भंडारी के समक्ष हुआ विशेष खजाना पूजन

दीपोत्सव के अवसर पर बाबा कुबेर भंडारी के समक्ष विशेष खजाना पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए पूजन-अर्चन किया। इसके बाद भक्तों को खजाना प्रसाद वितरित किया गया।

प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला और अन्य सदस्यों ने सेवा भाव के साथ भक्तों को खजाना वितरित किया।

कुबेरश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव : 14 फरवरी से जुटेंगे लाखों श्रद्धालु, 7 दिन तक चलेगा भंडारा

पांच दिनों तक हुए विशेष धार्मिक अनुष्ठान

अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में धाम में लगातार पांच दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान हुए। श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार, आरती और भक्ति के वातावरण में अपने आराध्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। आयोजन के दौरान धाम केवल पूजा का केंद्र नहीं, बल्कि श्रद्धा से जुड़े हजारों परिवारों की भावनाओं का संगम बन गया।

गोवर्धन पूजा का संदेश: प्रकृति और गौ माता का सम्मान

पंडित प्रदीप मिश्रा ने गोवर्धन पूजा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, गौ माता और समस्त जीव-जंतुओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से मानव को प्रकृति के संरक्षण और जीवों के सम्मान का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में गौ माता के शरीर में समस्त देवी-देवताओं का वास माना गया है। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा और पूजन जीवन में सुख, शांति, समृद्धि तथा आत्मिक आनंद का मार्ग खोलता है।

गाय को माता लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। जिस प्रकार मां लक्ष्मी सुख-समृद्धि देती हैं, उसी प्रकार गौ माता अपने दूध के माध्यम से मानव जीवन को स्वास्थ्य रूपी धन प्रदान करती हैं।

कुबेरश्वर धाम में कांवड़ यात्रा के दौरान दो और श्रद्धालुओं की मौत, 2 दिनों में 4 की मौत, कई श्रद्धालु घायल; पंडित प्रदीप मिश्रा की यात्रा में जुटे थे लाखों लोग

अन्नकूट में बनेगा बृजधाम जैसा अलौकिक दृश्य

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि आगामी दिनों में कुबेरश्वरधाम में भव्य अन्नकूट महोत्सव आयोजित होगा। मंदिर परिसर में बृजधाम की झलक दिखाई देगी। गोवर्धन पर्वत का भव्य स्वरूप तैयार किया जाएगा और 56 प्रकार के भोग से गिरिराज गोवर्धन की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी।

आरती के बाद मिलेगा महाप्रसाद

महोत्सव में समिति की महिला सदस्य और श्रद्धालु गो पूजन, रंगोली तथा सजावट करेंगे। अन्नकूट दर्शन के पश्चात गौ माता और गोवर्धननाथ जी की आरती होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की जाएगी।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अन्नकूट में भगवान श्रीकृष्ण को 108 प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाता है। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और हजारों भक्तों के पहुंचने की संभावना है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts