CG NEWS:घर में घुसकर युवती के सिर में मारी गोलियां, दिनदहाड़े मर्डर से दहला सक्ती; नकाबपोश बदमाश CCTV में कैद

RAIPUR/SAKTI NEWS। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। जोंगरा गांव में शुक्रवार सुबह बाइक से पहुंचे दो नकाबपोश बदमाशों ने 25 वर्षीय युवती पूर्णिमा चौहान को उसके ही घर में घुसकर गोली मार दी। आरोपी पहले युवती के बारे में पूछताछ करता है और जैसे ही वह बाहर आती है, उसके सिर समेत शरीर पर तीन गोलियां दाग देता है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: स्कूल बना मयखाना शराबी शिक्षक और वायरल वीडियो से छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था कटघरे में
दिनदहाड़े घर में घुसे नकाबपोश बदमाश
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जोंगरा गांव में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो बाइक सवार नकाबपोश युवक पहुंचे। दोनों ने सफेद गमछे से अपना चेहरा ढंक रखा था और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। एक आरोपी घर के बाहर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा सीधे घर के अंदर पहुंच गया।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: नारायणपुर में नक्सलियों पर सबसे बड़ा वार: टेकला जंगल से हथियारों का जखीरा, तोयामेटा से 24 लाख नकद बरामद
पहले पूछा- 'पूर्णिमा कहां है?' फिर बरसा दी गोलियां
घर के अंदर पहुंचे आरोपी ने परिवार वालों से पूर्णिमा चौहान के बारे में पूछा। जैसे ही 25 वर्षीय पूर्णिमा बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोलियां उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।
गोली की आवाज सुन दौड़े परिजन
फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे तो पूर्णिमा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: 16 करोड़ की नई सड़क 2 महीने में उखड़ी, खारुन ओवरब्रिज पर बारिश ने खोली निर्माण की पोल
निजी कंपनी में करती थी नौकरी
जानकारी के मुताबिक पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से पंजाब की एक निजी कंपनी में सेल्स विभाग में कार्यरत थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक विवाद के चलते वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके जोंगरा गांव में रह रही थी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: OBC सर्वे में बड़ी गड़बड़ी! आय, संपत्ति और सरकारी योजनाओं का डेटा निकला गलत, आयोग ने जताई नाराजगी
हत्या की वजह अब भी रहस्य
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं बता पा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।












