सीहोर: शिव पर अटूट विश्वास रखो, महादेव बदल देंगे जीवन की दिशा, कुबेरेश्वरधाम में पंडित प्रदीप मिश्रा का संदेश

सीहोर। भगवान शिव के प्रति सच्ची श्रद्धा, अटूट विश्वास और समर्पण केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम भी है। जब मनुष्य महादेव पर भरोसा करता है तो उसके भीतर संघर्षों से लड़ने का साहस और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है। यह संदेश प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने बुधवार को कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का ध्यान और आराधना मनुष्य को पापों से मुक्ति का मार्ग दिखाती है। महादेव अपने भक्तों के सदैव निकट रहते हैं और उनकी कृपा से जीवन में कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।
उज्जैन से जबलपुर जा रहे विप्रजनों का धाम में आत्मीय स्वागत
जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित कुबेरेश्वरधाम में बुधवार को भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का विशेष वातावरण देखने को मिला। उज्जैन से जबलपुर में आयोजित यज्ञ में शामिल होने जा रहे तीन दर्जन से अधिक विप्रजनों ने कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर बाबा कुबेर भंडारी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान विठलेश सेवा समिति की ओर से सभी विप्रजनों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्यों ने विप्रजनों का अभिनंदन किया। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं के साथ उज्जैन से आए विप्रजनों ने भी भोजन प्रसादी ग्रहण की। धाम में चल रही सेवा और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने धार्मिक आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
एक लोटा जल के महामंत्र से शिवालयों में लौटी भक्तों की रौनक
उज्जैन से आए दल में शामिल पंडित राजेश ने बताया कि वे सभी जबलपुर में आयोजित यज्ञ में शामिल होने के लिए जा रहे हैं। इसी दौरान उन्हें कुबेरेश्वरधाम में बाबा कुबेर भंडारी के दर्शन करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह धाम देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां पहुंचकर आध्यात्मिक आनंद और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। विप्रजनों ने पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा बताए गए एक लोटा जल के महामंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संदेश ने देशभर में शिवभक्ति के प्रति नई चेतना जगाई है। आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजन कर रहे हैं। जिन शिवालयों में पहले श्रद्धालुओं की आवाजाही कम दिखाई देती थी, वहां भी अब भक्तों की उपस्थिति और धार्मिक गतिविधियां बढ़ी हैं। शिवभक्ति की यह लहर लोगों को अपनी धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का माध्यम बन रही है।
कलियुग में महादेव की आराधना सबसे सरल, सच्ची श्रद्धा ही सबसे बड़ा आधार
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि बुधवार शाम की आरती के पश्चात पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कलियुग में यदि किसी देवता की आराधना सबसे सरल है तो वे देवों के देव महादेव हैं। भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए आडंबर से अधिक सच्ची श्रद्धा, विश्वास और समर्पण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महादेव का स्मरण करने से मनुष्य को अपने जीवन में धर्म और सद्कर्मों की प्रेरणा मिलती है। शिव अपने भक्तों के हमेशा निकट रहते हैं। जो व्यक्ति पूरे विश्वास के साथ उनकी शरण में जाता है, उसे जीवन में आगे बढ़ने का संबल मिलता है। भगवान शिव की भक्ति व्यक्ति के मन को मजबूत बनाती है और उसे कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा देती है।
शिव पुराण का श्रवण देता है धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा
पंडित मिश्रा ने शिव पुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका श्रवण मनुष्य को धर्म, भक्ति और आध्यात्मिकता के मार्ग से जोड़ता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शिव पुराण का श्रवण पाप कर्मों के नाश और शिवलोक की प्राप्ति का माध्यम माना गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान शिव के प्रति विश्वास बनाए रखने और नियमित रूप से उनका स्मरण करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने उज्जैन से आए विप्रजनों से मुलाकात कर उनका स्वागत किया।




















