बीमा कंपनियों के वकीलों की कार्यशैली पर हाईकोर्ट नाराज, कहा- बिना आधार के दाखिल करते हैं अपील; मुआवजा भी बढ़ाया

जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने मोटर दुर्घटना मुआवजा मामलों में बीमा कंपनियों और उनके वकीलों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। जस्टिस विवेक अग्रवाल की सिंगल बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि बीमा कंपनियों को ऐसे वकील नियुक्त करने चाहिए, जो अदालत की सही तरीके से सहायता कर सकें और जिन्हें गवाहों से जिरह करने का उचित तरीका मालूम हो। अदालत ने ओरिएंटल बीमा कंपनी की अपील खारिज करते हुए दावाकर्ताओं की अपील स्वीकार कर ली और मुआवजे की राशि 10.23 लाख रुपये से बढ़ाकर 10.56 लाख रुपये कर दी।
2014 में सड़क दुर्घटना में हुई थी मस्तान सिंह की मौत
यह मामला 21 अक्टूबर 2014 को हुई एक सड़क दुर्घटना से जुड़ा है, जिसमें मस्तान सिंह की मौत हो गई थी। अतिरिक्त मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, भोपाल ने 25 नवंबर 2021 को मृतक के परिजनों को 10.23 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था। इस आदेश को चुनौती देते हुए ओरिएंटल बीमा कंपनी ने हाईकोर्ट में अपील दायर की थी।
बीमा कंपनी ने कोमल बाई को पत्नी मानने से किया इनकार
बीमा कंपनी की ओर से दलील दी गई कि कोमल बाई, स्वर्गीय मस्तान सिंह की कानूनी रूप से पत्नी नहीं थीं। इसलिए वे मुआवजे की हकदार नहीं हैं। कंपनी ने अपने दावे के समर्थन में मृतक के भाई ग्यासिंह की गवाही का हवाला दिया और मुआवजे का आदेश निरस्त करने की मांग की।
बेटे के दस्तावेजों में माता-पिता के नाम दर्ज
मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस विवेक अग्रवाल ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों और साक्ष्यों पर गौर किया। अदालत ने पाया कि मृतक के बेटे विवेक के शैक्षणिक दस्तावेजों में माता का नाम कोमल बाई और पिता का नाम मस्तान सिंह स्पष्ट रूप से दर्ज है। अदालत ने यह भी ध्यान दिलाया कि बीमा कंपनी के जांचकर्ता राजेंद्र कुमार डांगी ने कोमल बाई से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मांगा था, जिससे उनके विवाह की स्थिति की पुष्टि हो सके। ऐसे में उन्हें मृतक की पत्नी नहीं मानने संबंधी बीमा कंपनी की दलील को पर्याप्त आधार वाला नहीं पाया गया।
बीमा कंपनियों के वकीलों को लेकर की टिप्पणी
अदालत ने सुनवाई के दौरान बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। जस्टिस अग्रवाल ने कहा कि बीमा कंपनियों को ऐसे वकील नियुक्त करने चाहिए, जिन्हें अदालत में प्रभावी ढंग से पक्ष रखने और गवाहों से सही तरीके से जिरह करने का अनुभव हो। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि कंपनियां अपने वकीलों को उचित प्रशिक्षण नहीं देतीं और इसके बावजूद बिना पर्याप्त आधार के अपील दायर कर दी जाती हैं।
MP हाईकोर्ट ने पटवारियों की याचिका की खारिज, स्वामित्व योजना में रजिस्ट्री कराने का रास्ता साफ
बीमा कंपनी की अपील खारिज, मुआवजा बढ़ाया
दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हाईकोर्ट ने कोमल बाई को मस्तान सिंह की पत्नी मानने से इनकार करने वाली बीमा कंपनी की दलील को निराधार पाया। इसके बाद अदालत ने बीमा कंपनी की अपील खारिज कर दी और दावाकर्ताओं की अपील स्वीकार करते हुए मुआवजे की राशि 10.23 लाख रुपये से बढ़ाकर 10.56 लाख रुपये कर दी।




















