जबलपुर में सरकारी आवास में मृत मिले पुलिस के प्रधान आरक्षक, कमरे में अकेले थे; जांच में जुटी पुलिस

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में पुलिस विभाग में पदस्थ प्रधान आरक्षक सुरेश चौधरी (56) का शव मंगलवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित उनके सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। वे रांझी थाने में पदस्थ थे। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह से बंद था घर का दरवाजा, रात में हुआ खुलासा
सीएसपी सोनू कुर्मी के मुताबिक, सुरेश चौधरी के परिजन दो दिन पहले रिश्तेदारी में गए थे। इस दौरान वे सरकारी आवास में अकेले रह रहे थे। मंगलवार सुबह से ही उनके घर का दरवाजा बंद था। रात में पड़ोस में रहने वाले एक साथी पुलिसकर्मी ने दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक जवाब नहीं मिलने पर साथी पुलिसकर्मी को संदेह हुआ। उसने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरेश चौधरी के परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर सुरेश चौधरी पलंग पर मृत अवस्था में मिले।
जबलपुर के गाजी नगर में आग से 15 परिवारों के आशियाने उजड़े, 30 लाख रुपए तक नुकसान का अनुमान
पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
प्रारंभिक जांच के दौरान पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि सुरेश चौधरी पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे। इसके पीछे पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल प्रधान आरक्षक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।




















