Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छिंदवाड़ा के चौरई माता मंदिर चोरी का खुलासा, 4 नाबालिग समेत 8 आरोपी पकड़े; 2.44 लाख का मशरूका बरामद

छिंदवाड़ा के चौरई स्थित माता मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस ने चार बालकों सहित आठ आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों से चांदी के आभूषण, एक किलो चांदी की सिल्लियां, नगदी, मोबाइल और स्कूटी समेत 2.44 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया।
छिंदवाड़ा के चौरई माता मंदिर चोरी का खुलासा, 4 नाबालिग समेत 8 आरोपी पकड़े; 2.44 लाख का मशरूका बरामद
छिंदवाड़ा के चौरई माता मंदिर चोरी का खुलासा

छिंदवाड़ा। चौरई स्थित माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने चार विधि का उल्लंघन करने वाले बालकों सहित चार अन्य आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 44 हजार 600 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। इसमें चांदी के आभूषण, चांदी की सिल्लियां, नगदी, मोबाइल फोन और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी शामिल है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में मंदिर चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। एसडीओपी चौरई भारती जाट के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग

पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश की और उनसे पूछताछ की। जांच के दौरान चार विधि का उल्लंघन करने वाले बालकों की संलिप्तता सामने आई। इनसे मिली जानकारी के आधार पर चोरी की घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों की भूमिका भी उजागर हुई। पूछताछ में मंदिर से चांदी के आभूषण और अन्य सामग्री चोरी करने के बाद नगदी आपस में बांटने की बात सामने आई। साथ ही चोरी किए गए चांदी के आभूषणों को गलाने के लिए एक अन्य साथी को देने की जानकारी भी पुलिस को मिली।

एक किलो चांदी, आभूषण और स्कूटी जब्त

पुलिस ने चार बालकों के कब्जे से 14 हजार 600 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया। वहीं, अन्य चार आरोपियों से चांदी के कड़े, पैरपट्टी, छत्र, मुकुट, शील्ड और करीब एक किलो वजन की चांदी की सिल्लियां जब्त की गईं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी क्रमांक MP22SA9183 भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार बरामद मशरूका में करीब 50 हजार रुपये कीमत की स्कूटी, 1 लाख 70 हजार रुपये के चांदी के आभूषण और अन्य सामग्री, 14 हजार 600 रुपये नगद तथा 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन शामिल है। कुल बरामद संपत्ति की कीमत करीब 2 लाख 44 हजार 600 रुपये बताई गई है।

सिवनी जिले के चार आरोपी शामिल

पुलिस के अनुसार पकड़े गए चार अन्य आरोपियों की पहचान बाबू उर्फ अमन दुर्गे (26), अमन घरते (20), सौरव बरमैया (21) और अनुराग सोनी (28) के रूप में हुई है। चारों सिवनी जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने चारों विधि का उल्लंघन करने वाले बालकों को किशोर न्याय बोर्ड छिंदवाड़ा के समक्ष प्रस्तुत किया है, जबकि अन्य चार आरोपियों को न्यायालय चौरई के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

मंदिर चोरी की घटना का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह मर्सकोले, उपनिरीक्षक पारसनाथ आर्मो, सहायक उपनिरीक्षक संजय सिंह ठाकुर, पूनम सनोडिया, प्रधान आरक्षक गोपाल साहू, राजपाल बघेल, आरक्षक राजकिशोर बघेल, रोहित ठाकुर, जितेन्द्र, प्रदीप सोलंकी, सोनम बघेल और विकास बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...

Latest Posts