बरही अग्निकांड के बाद 6 कांग्रेस पार्षदों का सामूहिक इस्तीफा, कलेक्टर को सौंपा पत्र, 2 पार्षदों के हस्ताक्षर नहीं

बरही/कटनी। नगर परिषद बरही के 6 कांग्रेस पार्षदों ने बुधवार दोपहर कटनी पहुंचकर कलेक्टर को सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफे का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें बरही अग्निकांड में 6 लोगों की जान जाने से आहत होकर यह कदम उठाने की बात कही गई है। साथ ही पत्र में घटना में लापरवाह और दोषी अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्यवाई करने की मांग की गई है। खास बात यह है कि पत्र में 6 में से 4 पार्षदों के ही हस्ताक्षर और सील हैं। पत्र में पार्षद नैनशी अमित गुप्ता और पार्षद पूजा राधेश्याम ताम्रकार के हस्ताक्षर और सील नहीं हैं।
परिषद अध्यक्ष को इस्तीफा सौंपने का नियम
सामूहिक इस्तीफा देने के लिए धारा 40 के तहत जो नियमावली है उसके मुताबिक यह पत्र परिषद के अध्यक्ष को सौंपा जाना चाहिए। इस्तीफे को अध्यक्ष कलेक्टर को प्रेषित करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है।
सामूहिक इस्तीफा देने के क्या है नियम
मध्यप्रदेश में नगरीय निकायों (नगर परिषद एवं नगरपालिका परिषद) के निर्वाचित पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे के संबंध में मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1961 की धारा 40 में प्रावधान दिया गया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि कानून में सामूहिक इस्तीफे के लिए अलग से कोई विशेष प्रक्रिया निर्धारित नहीं है। प्रत्येक पार्षद के इस्तीफे की वैधानिकता अलग-अलग जांची जाती है।
पार्षद के इस्तीफे का कानूनी प्रावधान – धारा 40 के अनुसार:
- कोई भी पार्षद अपना पद लिखित इस्तीफा देकर छोड़ सकता है।
- इस्तीफा नगर परिषद के अध्यक्ष को सौंपना होता है।
- अध्यक्ष इस्तीफे को कलेक्टर के पास अग्रेषित करेंगे।
- पार्षद चाहे तो इस्तीफे की एक प्रति सीधे कलेक्टर को भी भेज सकता है।
- कलेक्टर इस्तीफे की वास्तविकता से संतुष्ट होने पर उसे स्वीकार करेंगे।
- इस्तीफा स्वीकार होने और आकस्मिक रिक्ति की सूचना राजपत्र में प्रकाशित की जाएगी।
- यदि कलेक्टर इस्तीफे की वास्तविकता से संतुष्ट नहीं हैं, तो कारण लिखित रूप में दर्ज करके इस्तीफा अस्वीकार कर सकते हैं।
इस्तीफों पर आशीष तिवारी (कलेक्टर, कटनी) ने कहा कि पार्षदों ने कलेक्टर कार्यालय में इस्तीफा सौंपा है। मैं ऑफिस में मौजूद नहीं था। मुझे इसकी जानकारी नहीं है। वहीं, पीयूष अग्रवाल (अध्यक्ष नगर परिषद बरही) ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। अगर पार्षदों ने सीधे कलेक्टर को इस्तीफा सौंपा है तो यह नियम विरुद्ध है। उन्हें सबसे पहले अध्यक्ष को इस्तीफा देना चाहिए इसके बाद अध्यक्ष कलेक्टर को प्रेषित करेंगे।




















