भाईदूज पर गुना जेल में भावुक हुए भाई-बहन, भाइयों को तिलक लगाने पहुंचीं बहनें; छलक उठीं आंखें

गुना। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अटूट रिश्ते का पर्व भाईदूज बुधवार को जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया। इसी के साथ छह दिवसीय दीपोत्सव पर्व का भी समापन हो गया।
जिला जेल में भावुक कर गया भाईदूज का पर्व
भाईदूज के अवसर पर जिला जेल गुना में भाई-बहन के प्रेम और संवेदनाओं का अनूठा दृश्य देखने को मिला। अपने भाइयों से मिलने और उन्हें तिलक लगाने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जेल पहुंचीं। मुलाकात के दौरान बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और मिठाई खिलाई। अपनों से दूर जेल में बंद भाइयों से मिलकर कई बहनों और भाइयों की आंखें नम हो गईं। यह मुलाकात उनके लिए भावुक कर देने वाला पल रही। त्योहार की महत्ता और बहनों की सुविधा को देखते हुए जेल प्रशासन ने परिसर में विशेष टेंट, छांव और बैठने की व्यवस्था की थी। इससे दूर-दराज से आई बहनों को मुलाकात के दौरान परेशानी न हो। शांतिपूर्ण माहौल में भाई-बहनों ने एक-दूसरे से मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
जेलर अतुल सिंहा ने दी जानकारी
जिला जेलर अतुल सिंहा ने बताया कि भाईदूज के अवसर पर जेल में बंद बंदियों से मिलने के लिए उनकी बहनें पहुंचीं। पर्व को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं ताकि बहनें सुविधाजनक तरीके से अपने भाइयों को तिलक लगाकर त्योहार मना सकें।
पैतृक गांव पहुंचे लोग, कायस्थ समाज ने की यम पूजा
स्थानीय अवकाश के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक गांवों में पहुंचे और कुल देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की। वहीं, कायस्थ समाज ने यम द्वितीया के अवसर पर भगवान यमराज और भगवान चित्रगुप्त महाराज की विधि-विधान से पूजा की। गोवर्धन पूजा के बाद से ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अन्नकूट प्रसादी वितरण का सिलसिला भी जारी रहा।
बाजारों में सन्नाटा, बसों और ट्रेनों में रही भीड़
भाईदूज के चलते शहर के प्रमुख बाजारों में अपेक्षाकृत सन्नाटा नजर आया। यात्री बसों और मिनी वाहनों का संचालन कम होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। वहीं, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ रही। त्योहार मनाने के बाद लोग अपने-अपने गंतव्य की ओर लौटते दिखाई दिए।




















