NMDC दंतेवाड़ा की लापरवाही, रिजर्व फॉरेस्ट में 3 KM तक फैला लोहे का मलबा, वन विभाग करेगा FIR

रायपुर/दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला में खनन से जुड़ी बड़ी लापरवाही सामने आई है। सरकारी खनन कंपनी NMDC के डिपॉजिट नंबर-14 से निकला लोहे का मलबा रिजर्व फॉरेस्ट तक फैल गया है। वन विभाग के शुरुआती निरीक्षण में मलबे के करीब 3 किलोमीटर तक फैलने की बात सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग कंपनी के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी में है। फिलहाल मलबे का खिसकना पूरी तरह बंद नहीं हुआ है, जिससे जंगल को और नुकसान पहुंचने की आशंका है।
तय सीमा तोड़कर जंगल तक पहुंचा खनन का मलबा
बैलाडीला के डिपॉजिट नंबर-14 में लौह अयस्क की खुदाई के दौरान निकला बेकार मलबा निर्धारित स्थान से बाहर फैल गया। धीरे-धीरे खिसकता हुआ यह मलबा रिजर्व फॉरेस्ट के हिस्से तक पहुंच गया। वन विभाग के मुताबिक, निर्धारित सीमा से बाहर मलबा फैलना गंभीर मामला है और इससे वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।
3 किलोमीटर तक फैला मलबा, शुरुआती दावे से कहीं बड़ा नुकसान
शुरुआत में कंपनी की ओर से मलबे के सीमित दूरी तक फैलने की जानकारी दी गई थी, लेकिन वन विभाग की टीम ने जब मौके पर पहुंचकर निरीक्षण और नापजोख की तो स्थिति कहीं ज्यादा गंभीर मिली। विभाग के अनुसार मलबा करीब 3 किलोमीटर लंबी पट्टी में फैल चुका है। इसकी चौड़ाई भी काफी अधिक बताई जा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि मलबे का खिसकना अब तक पूरी तरह नहीं रुका है।
ठेकेदारों की जिम्मेदारी पर भी उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, NMDC ने मलबा डालने का काम एक बड़ी ठेकेदार कंपनी को सौंपा था। बताया जा रहा है कि संबंधित ठेकेदार ने आगे यह काम छोटे ठेकेदार को दे दिया था। ऐसे में मलबा निर्धारित क्षेत्र से बाहर कैसे पहुंचा और इसकी जिम्मेदारी किसकी है, यह जांच का अहम विषय बन गया है।
मलबा रुकने के बाद होगी पेड़ों की गिनती
वन विभाग का कहना है कि जब तक मलबे का खिसकना पूरी तरह बंद नहीं हो जाता, तब तक प्रभावित क्षेत्र में जाकर नुकसान का सही आकलन करना जोखिम भरा है। मलबा स्थिर होने के बाद वन विभाग की टीम प्रभावित जंगल का निरीक्षण करेगी। इस दौरान क्षतिग्रस्त पेड़ों और वन संपदा का आकलन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: छत्तीसगढ़ में हीरों का खजाना! अब होगी मेगा ड्रिलिंग, महासमुंद में खुल सकती है देश की नई डायमंड माइन
NMDC के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी
वन विभाग के अनुसार, नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी और उसके आधार पर औपचारिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में NMDC की भूमिका के साथ ठेकेदारों की जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में रहेगी। अब बड़ा सवाल यह है कि खनन गतिविधियों के बीच रिजर्व फॉरेस्ट की सुरक्षा सुनिश्चित करने में चूक कैसे हुई?




















