ओंकारेश्वर से पांचवीं नर्मदा सेवा परिक्रमा शुरू, सीएम डॉ. यादव बोले-संतों का सान्निध्य हमें ईश्वर से संवाद का अवसर देता है

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि संतों का सान्निध्य प्राप्त होना सौभाग्य की बात है। संतों के माध्यम से हमें ईश्वर से संवाद और आध्यात्मिक चेतना का अनुभव होता है। दादा गुरुजी के सान्निध्य में आयोजित मां नर्मदा की पांचवीं परिक्रमा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना, सद्भाव और लोककल्याण का आध्यात्मिक मार्ग है। मुख्यमंत्री मंगलवार को तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर के गौमुख घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पांचवीं नर्मदा सेवा परिक्रमा के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यात्रा अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादा गुरुजी के सान्निध्य में शुरू हुई।
मां नर्मदा की आरती के साथ परिक्रमा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां नर्मदा की आरती कर विधिवत पूजन-अर्चन किया और चुनरी अर्पित की। उन्होंने देश और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मां नर्मदा के जयघोष के बीच परिक्रमा यात्रा प्रारंभ हुई। मुख्यमंत्री स्वयं गौमुख घाट से यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं को परिक्रमा के मंगलमय एवं निर्विघ्न संपन्न होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से समाज में आपसी सद्भाव, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होगा।
सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने का माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया भारत की सनातन संस्कृति और उसके विराट वैभव से परिचित हो रही है। स्वामी विवेकानंद ने लगभग 100 वर्ष पहले ही दुनिया को बता दिया था कि 21वीं सदी भारत की होगी। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी क्षमताओं का परिचय वैश्विक मंच पर दिया है। स्वामी विवेकानंद के समय के नरेंद्र से लेकर आज के नरेंद्र मोदी तक की यात्रा इस विश्वास को प्रमाणित करती है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने और मानव कल्याण का संदेश देती हैं।
नर्मदा तट की पवित्रता बनाए रखना सबका दायित्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि दादा गुरुजी की यह पांचवीं नर्मदा सेवा परिक्रमा है। मां नर्मदा सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें, यही कामना है। राज्य सरकार ने परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि नर्मदा का तट किसी मठ के समान पवित्र है। इसकी स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। लोककल्याण के लिए दादा गुरुजी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।
दादा गुरुजी भक्ति और ईश्वरीय शक्ति का कराते हैं अनुभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य जीवन अनेक योनियों के बाद प्राप्त होता है। भले ही हमने भगवान को प्रत्यक्ष नहीं देखा, लेकिन उनकी सत्ता का अनुभव सभी करते हैं। जिस तरह वायु और सूर्य के प्रकाश में मौजूद सप्त रंगों को नकारा नहीं जा सकता, उसी तरह ईश्वरीय शक्ति को भी नकारना संभव नहीं है। पूज्य दादा गुरुजी समाज को ईश्वर की शक्ति, भक्ति और सनातन संस्कृति के मार्ग से परिचित करा रहे हैं। उनके सान्निध्य में समाज का हर वर्ग भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ रहा है।
नर्मदा जीवन, ज्ञान और विकास का आधार : दादा गुरुजी
अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादा गुरुजी ने कहा कि ईश्वरीय भक्ति और साधना से व्यक्तित्व का विकास होता है। मां नर्मदा के पथ पर जीव-जगत की उत्पत्ति के अनेक प्रमाण मिलते हैं। नर्मदा तट पर अनेक सभ्यताओं ने जन्म लिया है। दुनिया भले ही मां नर्मदा को एक नदी के रूप में देखती हो, लेकिन हमारे लिए वह जीवन, ज्ञान, आचार-विचार, विकास और व्यवस्था का आधार हैं।
ये भी पढ़ें: संविधान दिवस उत्सव: मप्र विधानसभा में बनी संविधान गैलरी का सीएम करेंगे उद्घाटन, नजर आएगा मप्र का योगदान
परिक्रमा साधना के साथ लोककल्याण का मार्ग
दादा गुरुजी ने कहा कि नर्मदा सेवा परिक्रमा एक साधना है, जिसके मूल में लोककल्याण की भावना निहित है। यह यात्रा समाज में परस्पर सद्भाव और समरसता को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दुनिया भीषण संकटों और प्राकृतिक आपदाओं के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में पूरी दुनिया की निगाहें भारत की ओर हैं। भारत ने अपनी शक्तियों का प्रदर्शन करने के बजाय हमेशा दुनिया को ज्ञान और आध्यात्मिकता का दर्शन कराया है।




















