महादेव सट्टा मामले में 15 करोड़ की डील, हर महीने 60 करोड़ का हिसाब, आधी रात खुली कोर्ट, 28 नवंबर तक ED रिमांड

रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट ने 28 नवंबर तक ED की कस्टोडियल रिमांड पर सौंप दिया है। इस हाईप्रोफाइल मामले में 23 नवंबर की रात 10:45 बजे सुनवाई शुरू हुई और आधी रात के बाद करीब 1 बजे तक चली। रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट में इतनी देर रात तक सुनवाई होना इस मामले को और चर्चा में ले आया है। ED की रिमांड अर्जी में दावा किया गया है कि हिमांशु ने महादेव ऐप के प्रमोटरों से 15 करोड़ रुपये लिए और बाद में हवाला के जरिए कई किस्तों में बड़ी रकम हासिल की। एजेंसी के मुताबिक, प्रमोटरों को आपराधिक मामलों में राहत दिलाने और वरिष्ठ अधिकारियों तक पैसे पहुंचाने का भरोसा दिया गया था। जांच में हर महीने 60 करोड़ रुपये के कथित भुगतान, दुबई में बैठक, संदिग्ध व्हाट्सऐप चैट और करोड़ों के वित्तीय लेन-देन का भी जिक्र है।
आधी रात तक चली सुनवाई, 28 नवंबर तक ED की कस्टडी
रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट में 23 नवंबर की रात ED के अधिकारी हिमांशु शेखर को लेकर पहुंचे। रात करीब 10 बजे पेशी के बाद 10:45 बजे सुनवाई शुरू हुई। ED और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने हिमांशु को 28 नवंबर तक ED की कस्टोडियल रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। सुनवाई पूरी होते-होते रात करीब 1 बज गया। इस दौरान तारीख बदलकर 24 नवंबर हो चुकी थी। ED की ओर से सौरभ पांडेय ने पैरवी की, जबकि बचाव पक्ष की ओर से फैजल रिजवी ने अपना पक्ष रखा।
दुबई के विला नंबर 45 में हुई 15 करोड़ की कथित डील
ED की रिमांड अर्जी में सौरभ चंद्राकर के 15 नवंबर को दर्ज बयान का हवाला दिया गया है। इसके मुताबिक, अक्टूबर 2023 की शुरुआत में मुंबई स्थित कुरैशी प्रोडक्शंस में तलाशी के दौरान महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े वसीम कुरैशी ने मदद मांगी थी। इसके बाद दुबई में महादेव ऐप के प्रमोटरों और हिमांशु की मुलाकात कराई गई। ED के मुताबिक, दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में हुई इस बैठक में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, वकील सुमित कोचर और हिमांशु मौजूद थे। सौरभ के कथित बयान के अनुसार, हिमांशु ने प्रमोटरों को उनके खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले अक्टूबर 2023 में 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया गया है।
'लॉयर और जज साहब से बात हो रखी है'
ED की अर्जी में सौरभ चंद्राकर के बयान के हवाले से दावा किया गया है कि हिमांशु प्रमोटरों को यह भरोसा दिलाता था कि उनकी जज और वकीलों से बातचीत हो चुकी है। अर्जी में कथित तौर पर कही गई इस बात का भी उल्लेख है- 'बात हो रखी है लॉयर और जज साहब से।' ED का आरोप है कि हिमांशु ने प्रमोटरों के बीच अपना प्रभाव और भरोसा कायम करने के लिए कुछ ऐसी जानकारियां भी साझा की थीं, जिनसे उन्हें लगता था कि उनके मामलों में अंदरखाने काम हो रहा है। हालांकि, ये सभी आरोप जांच एजेंसी की रिमांड अर्जी और बयान पर आधारित हैं, जिनकी स्वतंत्र न्यायिक पुष्टि होना बाकी है।
गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी की खबर पहले देने का दावा
महादेव ऐप मामले में ED की अर्जी में गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी से जुड़ा घटनाक्रम भी अहम बताया गया है। सौरभ चंद्राकर के 18 नवंबर को दर्ज कथित बयान के अनुसार, गिरिश तलरेजा ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म Lotus365.com में प्रमोटरों का साझेदार था, लेकिन बाद में उनके खिलाफ हो गया था। सौरभ ने बताया कि गिरिश के भारत आने और जयपुर के बाद भोपाल पहुंचने की जानकारी दुबई में मौजूद हिमांशु को दी गई थी। इसके बाद जब गिरिश भोपाल के एक होटल में ठहरा था, तब हिमांशु ने कथित तौर पर प्रमोटरों को बताया कि उसी दिन उसकी गिरफ्तारी होने वाली है। ED की अर्जी के मुताबिक, उसी दिन गिरिश तलरेजा को एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया। सौरभ ने इस घटनाक्रम को प्रमोटरों का विश्वास जीतने के लिए हिमांशु का सबसे अहम काम बताया है।
हर महीने 60 करोड़ का हिसाब, 7 महीने का प्लान,
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा कथित हवाला लेन-देन को लेकर हुआ है। ED की रिमांड अर्जी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर ने दावा किया कि दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु को कई किस्तों में बड़ी रकम दी गई। आरोप है कि हिमांशु ने यह भरोसा दिलाया था कि रकम भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद भुगतान किए जाने और कुछ रकम दुबई में पहुंचाने का दावा किया गया है। ED ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। इस दौरान पंचशील पार्क स्थित आवास से हाथ से लिखे कुछ नोट मिलने की बात कही गई है। इन नोट्स में कथित तौर पर 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपये के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपये देने का हिसाब दर्ज था। एक अन्य नोट में '7 months plan' भी लिखा होने का उल्लेख है। ED अब इन नोट्स में दर्ज 'Mumbai Hawala Raju Bhai' और 'Wasem' जैसे नामों की पहचान तथा कथित हवाला नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है।
मोबाइल में मिला MAHADEV BOOK का 473 MB वीडियो
ED की जांच में हिमांशु के सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड मोबाइल फोन से भी कई अहम डिजिटल जानकारियां मिलने का दावा किया गया है। रिमांड अर्जी के मुताबिक, फोन में 473 MB का एक वीडियो मिला, जिसके प्रीव्यू पर 'MAHADEV BOOK' लिखा था। इसके अलावा 30 अक्टूबर 2023 नाम की वीडियो फाइल और 25 अक्टूबर 2023 की चार पार्टी क्लिप मिलने का भी उल्लेख है। फोन में सौरभ चंद्राकर के नाम से तीन अलग-अलग कॉन्टैक्ट सेव होने की बात भी सामने आई है।
सात सेकंड में डिलीट हुआ व्हाट्सऐप मैसेज
ED के मुताबिक, सौरभ के बयान में हिमांशु का नाम सामने आने के अगले दिन 16 नवंबर को 'Shekhar Iphone' नाम से सेव नंबर के साथ हुई व्हाट्सऐप चैट में एक संदेश डिलीट किया गया था। एजेंसी का दावा है कि पूरे व्हाट्सऐप डेटाबेस की जांच में पता चला कि यह मैसेज रात 22:44:13 बजे भेजा गया और महज सात सेकंड बाद 'Delete for Everyone' कर दिया गया। इसके अलावा 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद हिमांशु के फोन में कुछ SMS भी मिले। इनमें कथित तौर पर लिखा था- 'Just say you were is only the lawyer deny everything' और 'They will release today thoda bahut puch ke'। ED ने दूसरे आईफोन का पासकोड नहीं मिलने और उसके फैक्ट्री रीसेट होने को भी अपनी जांच का हिस्सा बनाया है।
संबंधित खबर: महादेव सट्टा नेटवर्क की कमाई 92 हजार करोड़ पार,ED का बड़ा खुलासा, सौरभ चंद्राकर से 7 दिन पूछताछ
52 लाख की कंपनी एक साल में 15.55 करोड़ की कैसे हुई?
ED ने हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड को भी जांच के दायरे में लिया है। रिमांड अर्जी के अनुसार, 2022-23 में कंपनी का राजस्व 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये पहुंच गया। 31 मार्च 2025 तक हिमांशु के पास कंपनी के 75 प्रतिशत शेयर होने का भी उल्लेख है। एजेंसी ने कंपनी की आर्थिक गतिविधियों के साथ उसके नाम पर लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए लिए गए लोन का भी जिक्र किया है। इसके अलावा ED ने हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 के दौरान 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपये जमा होने से जुड़े मैसेज का उल्लेख किया है। अर्जी के मुताबिक, 9 नवंबर को उसके ICICI बैंक खाते में करीब 2.08 करोड़ रुपये का बैलेंस था।ED इन रकमों के स्रोत और कथित लेन-देन के पीछे की वास्तविक वजह जानना चाहती है।
दुबई समेत 11 विदेशी यात्राओं का रिकॉर्ड खंगाल रही ED
हिमांशु के इमिग्रेशन रिकॉर्ड भी जांच एजेंसी के रडार पर हैं। ED के मुताबिक, हिमांशु 21 अक्टूबर 2023 को दिल्ली से दुबई गया और 25 अक्टूबर को मुंबई लौटा। इसके बाद 28 अक्टूबर को दोबारा दिल्ली से विदेश रवाना हुआ और 3 नवंबर को मुंबई लौटा। दूसरी यात्रा के दौरान वकील सुमित कोचर के भी उसी दिन फ्लाइट से रवाना होने का उल्लेख है। दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच हिमांशु ने विदेश की नौ और यात्राएं कीं। इनमें सात यात्राएं दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हुईं। ED इन यात्राओं को सौरभ के उस कथित बयान से जोड़कर देख रही है, जिसमें इसी अवधि के दौरान करोड़ों रुपये की किस्तों में भुगतान का दावा किया गया है।
हिमांशु का दावा- 65 लाख रुपये मिली थी प्रोफेशनल फीस
ED की पूछताछ में हिमांशु ने दुबई के विला नंबर 45 में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर के साथ बैठक होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई। अपने आर्थिक लेन-देन को पेशेवर फीस बताते हुए हिमांशु ने कथित तौर पर कहा कि वसीम कुरैशी से 25 लाख और महादेव ऐप के प्रमोटरों से 40 लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से मिले थे। इस तरह उसने कुल 65 लाख रुपये की प्रोफेशनल फीस मिलने की बात कही। वहीं, ED के मुताबिक, 15 करोड़ रुपये और हवाला के जरिए कथित नकद भुगतान के आरोपों को लेकर उससे आगे पूछताछ की जानी है।
संबंधित खबर: महादेव सट्टा नेटवर्क पर CBI का बड़ा प्रहार, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर रेड, किराए के खातों से विदेश भेजते थे करोड़ों
अब 28 नवंबर तक ED के सामने होंगे ये बड़े सवाल
हिमांशु की रिमांड मिलने के बाद ED की जांच में कई अहम बिंदु शामिल हैं। एजेंसी कथित 15 करोड़ रुपये की डील, हर महीने 60 करोड़ रुपये के हिसाब, हवाला ऑपरेटरों की पहचान, हाथ से लिखे नोट्स, डिजिटल सबूत और विदेश यात्राओं की पड़ताल करेगी। इसके अलावा अन्य ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म और स्काईएक्सचेंज से संभावित संबंधों की भी जांच की जानी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटरों से कथित तौर पर ली गई रकम आखिर किन लोगों तक पहुंची? '7 months plan' में जिन करोड़ों के भुगतान का हिसाब दर्ज होने का दावा है, उसका वास्तविक नेटवर्क कितना बड़ा है? 28 नवंबर तक ED की पूछताछ में इन सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं।




















