सरगुजा में अडानी पर जांच का शिकंजा, राजभवन ने दिए जांच के आदेश

रायपुर/अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा में अडानी एंटरप्राइजेज से जुड़े CSR कार्यों और तारा कोल ब्लॉक का मामला अब राजभवन तक पहुंच गया है। सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत के बाद राजभवन ने राज्य सरकार के खनिज विभाग के सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं। CSR के नाम पर हुए कार्यों की वास्तविक स्थिति से लेकर कोल ब्लॉक आवंटन और खनन प्रक्रिया तक की पड़ताल होगी। जांच पूरी होने के बाद विभाग को रिपोर्ट राजभवन में सौंपनी होगी।
CSR कार्यों पर उठे सवाल, राजभवन ने लिया संज्ञान
सरगुजा जिले में अडानी एंटरप्राइजेज की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत कराए गए विकास और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य अब जांच के दायरे में आ गए हैं। राजभवन के अवर सचिव की ओर से खनिज विभाग के सचिव को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश के मुताबिक, CSR गतिविधियों की वास्तविक स्थिति और उनसे जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर विस्तृत रिपोर्ट राजभवन को प्रस्तुत करनी होगी।

सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद की शिकायत से उठा मामला
इस पूरे मामले की शुरुआत अंबिकापुर के सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद की शिकायत से हुई। उन्होंने राजभवन को पत्र लिखकर अडानी एंटरप्राइजेज की ओर से सरगुजा में कराए जा रहे CSR कार्यों की जांच कराने की मांग की थी।शिकायत में आरोप लगाया गया कि कोयला खदानों से प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार देने के नाम पर केवल कागजी दावे किए जा रहे हैं। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी वास्तविक स्थिति अलग होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने CSR के तहत खर्च की गई राशि, कराए गए कार्यों और स्थानीय लोगों को मिले लाभ की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी।
तारा कोल ब्लॉक आवंटन भी जांच के घेरे में
CSR कार्यों के अलावा तारा कोल ब्लॉक का आवंटन और उससे जुड़ी खनन प्रक्रिया भी जांच के दायरे में रहेगी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अडानी समूह से जुड़ी दूसरी कंपनी के माध्यम से यहां खनन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, संबंधित गांवों के ग्रामीण इस परियोजना का लगातार विरोध कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर कोल ब्लॉक की प्रक्रिया, ग्रामीणों की सहमति और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मालनपुर को मंडीदीप-पीथमपुर जैसी पहचान दिलाने की तैयारी, CSR फंड से सुधरेगी शिक्षा और सार्वजनिक सुविधाएं
पहले भी हो चुका है कोयला खदानों का विरोध
सरगुजा क्षेत्र में कोयला खदानों को लेकर पहले भी विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। स्थानीय लोगों की ओर से आरोप लगाया जाता रहा है कि खनन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी की जा रही है। ऐसे में राजभवन की ओर से जांच के निर्देश दिए जाने के बाद CSR गतिविधियों और तारा कोल ब्लॉक से जुड़े विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।
जांच रिपोर्ट से तय होगी आगे की कार्रवाई
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि खनिज विभाग जांच कब शुरू करता है और रिपोर्ट कितने समय में राजभवन को सौंपी जाती है। जांच में CSR के तहत किए गए कार्यों की वास्तविक स्थिति, स्थानीय लोगों को मिले रोजगार और तारा कोल ब्लॉक आवंटन से संबंधित प्रक्रियाओं की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई को लेकर भी स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
यह भी पढ़ें: अनूपपुर में 220 करोड़ के CSR घोटाले की जांच, मुंबई CID ने स्वास्थ्य विभाग और SECL अधिकारियों को थमाए नोटिस
जांच नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे सुजान बिंद
सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद का कहना है कि राजभवन के निर्देश के बाद अब उन्हें जांच शुरू होने का इंतजार है। उनका कहना है कि यदि जांच नहीं होती या केवल औपचारिकता निभाई जाती है, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल, राजभवन के निर्देश के बाद सरगुजा में अडानी समूह के CSR कार्यों और तारा कोल ब्लॉक से जुड़े मामले में जांच की प्रक्रिया पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।




















