कटनी में बांस-बल्लियों के अस्थायी पुल से नदी पार कर रहे ग्रामीण, बच्चों और बुजुर्गों की जान पर खतरा
कटनी। विकास और मजबूत बुनियादी ढांचे के दावों के बीच ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम पिपरिया शुक्ल के ग्रामीण आज भी जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। गांव के समीप बहने वाली बेलकुंड नदी पर स्थायी पुल न होने से ग्रामीण और श्रद्धालु लकड़ी व बांस-बल्लियों से बने अस्थायी पुल के सहारे नदी पार कर रहे हैं।
सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि नदी पार स्थित प्राचीन देवी मंदिर जाने के लिए श्रद्धालुओं के साथ छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी इसी खतरनाक रास्ते से गुजरते हैं, जिससे हर पल बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
दशकों से कर रहे पक्के पुल की मांग
मानसून के बाद ग्रामीण आपसी सहयोग और श्रमदान से यह अस्थायी पुल तैयार करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे दशकों से पक्के पुल की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं। दूसरी ओर, गांव के नजदीक गर्रा घाट में बेलकुंड नदी पर बना छोटा पुल भी बड़ी समस्या है।
बारिश में टूट जाता है चार जिलों का संपर्क
चार जिलों को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग बारिश में पुल के ऊपर पानी आने से बंद हो जाता है, जिससे आपातकालीन सेवाएं और व्यापार बुरी तरह प्रभावित होते हैं। बड़े पुल की घोषणा के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हो सका है। क्षेत्रवासियों ने दोनों स्थानों पर शीघ्र स्थायी व बड़े पुल के निर्माण की मांग की है।
कटनी: मसुरहा घाट बना नशेड़ियों का अड्डा, महिलाओं और बच्चों का निकलना मुश्किल
रास्ता बेहद असुरक्षित
स्थानीय ग्रामीण श्याम किशोर शुक्ला ने बताया कि ग्रामीणों के लिए यह रास्ता बेहद असुरक्षित है। जरा सी चूक या लकड़ी फिसलने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह किसी खतरे से कम नहीं है।
ढीमरखेड़ा एसडीएम निधि गोहल ने कहा कि पिपरिया शुक्ल में बेलकुंड नदी पर बांस-बल्लियों के पुल से लोगों के मंदिर जाने की जानकारी मिली है। इस मामले को गंभीरता से दिखवाया जाएगा।






















