अंबिकापुर में मंत्री को व्यापारियों ने घेरा, राजेश अग्रवाल बोले- मुझे छुड़ाने पुलिस भेजिए

रायपुर/अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 50 लाख रुपये की चोरी के मामले ने अब राजनीतिक और पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। चोरी के मामले में पुलिस की कथित सुस्ती से नाराज करीब 40 से 50 व्यापारियों ने कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल को घेर लिया। व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने मौके से ही कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगा दिया। बातचीत के दौरान मंत्री ने तंज कसते हुए कहा- ''40-50 व्यापारियों ने मुझे बंधक बनाकर रखा है, अगर चोर नहीं पकड़ पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने पुलिस भेज दीजिए।'' मंत्री का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
व्यापारियों ने मंत्री को घेरा, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
दरअसल, सोमवार शाम अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई। व्यापारियों का आरोप था कि खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में करीब 50 लाख रुपये की चोरी और हेराफेरी की शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस अब तक ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। यहां तक कि थाना प्रभारी को खर्चा-पानी देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात भी कही गई। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
TI को लगाया फोन, मंत्री के तेवर देख मांगी दो दिन की मोहलत
व्यापारियों की नाराजगी देखकर मंत्री राजेश अग्रवाल ने तत्काल अपना मोबाइल निकाला और संबंधित कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगा दिया। बातचीत के दौरान उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताई। मंत्री ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि व्यापारी उन्हें बंधक बनाकर बैठे हैं और अगर पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पा रही है तो उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस टीम भेज दी जाए।बताया जा रहा है कि मंत्री की नाराजगी के बाद थाना प्रभारी ने मामले में दो दिन के भीतर कार्रवाई करने की मोहलत मांगी। अब व्यापारियों की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
क्या है 50 लाख की चोरी का पूरा मामला?
मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा है। कंपनी के संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में 50 लाख रुपये से अधिक की चोरी और हेराफेरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, कंपनी में पिछले छह वर्षों से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर फर्जी सील और रसीदें तैयार कर कंपनी के सामान में हेराफेरी करने का आरोप लगाया गया है।
चार महीने तक चलता रहा खेल, दूसरे गोदाम में पहुंचाया सामान
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से पिछले चार महीनों में कंपनी का सामान पिकअप और अन्य वाहनों से गंगापुर स्थित दूसरे गोदाम में पहुंचाया गया। कंपनी के एक कर्मचारी से मिली जानकारी के बाद जब सामान और बिलों का मिलान किया गया, तब कथित तौर पर 50 लाख रुपये से अधिक की हेराफेरी सामने आई। इसके बाद कंपनी संचालक ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस पर बढ़ा दबाव
इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा मंत्री राजेश अग्रवाल के वायरल वीडियो की हो रही है। व्यापारियों की शिकायत पर मंत्री का सीधे थाना प्रभारी को फोन करना और कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताना अब चर्चा का विषय बन गया है। व्यापारियों को उम्मीद है कि मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंचेगी और चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ पूरे मामले का खुलासा करेगी। अब बड़ा सवाल यह है कि 50 लाख रुपये की कथित हेराफेरी के मामले में पुलिस दो दिन के भीतर क्या कार्रवाई करती है? क्या आरोपियों की गिरफ्तारी होगी या फिर व्यापारियों को एक बार फिर इंतजार करना पड़ेगा?




















