सौरव दास को ऑक्सफोर्ड में बुलाया जाना कितना सही? दावा Oxford University नहीं Oxford Union में था कार्यक्रम

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में बोलने के दावे पर सवाल उठे हैं। एक UK रिपोर्टर के मुताबिक, उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में नहीं, बल्कि ऑक्सफोर्ड यूनियन के एक कार्यक्रम में शामिल होना था। ऑक्सफोर्ड यूनियन और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी दो अलग-अलग संस्थाएं हैं। दास ने नरेंद्र मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि उनकी राजनीतिक गतिविधियों के कारण उन्हें लंदन जाने से रोका गया।

दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट में चढ़ने से रोकने का आरोप
सौरव दास का दावा है कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार नहीं होने दिया गया। उन्हें वहां 'कॉकरोच आंदोलन' के विषय पर अपनी बात रखनी थी। हालांकि, एक ब्रिटिश रिपोर्टर ने स्पष्ट किया कि दास का कार्यक्रम ऑक्सफोर्ड यूनियन में निर्धारित था, न कि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में।
X पर रिपोर्टर ने क्या जानकारी दी
X (ट्विटर) पर साझा की गई पोस्ट में रिपोर्टर नाओमी कैंटन ने बताया कि सौरव दास को ऑक्सफोर्ड यूनियन में व्याख्यान देना था। यह एक स्वतंत्र रूप से संचालित डिबेटिंग सोसाइटी है। रिपोर्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन एक प्रतिष्ठित और प्रसिद्ध संस्था जरूर है, लेकिन इसका ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा होना सही नहीं है।
सौरव दास ने सरकार पर आरोप लगाए
सौरव दास ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने उन्हें जानबूझकर लंदन जाने से रोका। उनका कहना है कि राजनीतिक सक्रियता के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने लिखा- इस कायर मोदी सरकार ने मुझे दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया, जहां मुझे ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देना था। इस कायर सरकार ने मुझे लंदन जाने वाली फ्लाइट में नहीं चढ़ने दिया, जबकि मुझे ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से 'कॉकरोच आंदोलन' पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था।




















