रायपुर में नवजात बच्ची की खरीद-फरोख्त का खुलासा, जितेन्द्र खेतान गिरफ्तार

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आजाद चौक थाना क्षेत्र के इस मामले में पुलिस ने 36 वर्षीय जितेन्द्र खेतान को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सातवीं गिरफ्तारी के बाद अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।
पूछताछ में खुला जितेन्द्र खेतान का नाम
पुलिस के मुताबिक, आजाद चौक थाने में अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी कृतिका साहू और अन्य महिला आरोपियों से पूछताछ की गई। इस दौरान जानकारी सामने आई कि कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची जितेन्द्र खेतान को बेची थी। इसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
संबंधित खबर: रायपुर में नवजात की सौदेबाजी, मां को बनाया बंधक, 3 महिलाएं गिरफ्तार
बच्ची के दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जितेन्द्र खेतान से नवजात बच्ची से संबंधित वैधानिक दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश कर विधिवत दस्तयाब किया गया। फिलहाल बच्ची की सुरक्षा और बेहतर देखभाल के लिए उसे मातृछाया में रखा गया है।
दूसरे नवजातों की खरीद-बिक्री के भी सुराग
पुलिस की पूछताछ में जितेन्द्र खेतान के अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में शामिल होने से जुड़े तथ्य भी सामने आए हैं। जांच में आरोपी गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से इस गतिविधि को अंजाम दिए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि इस अवैध कारोबार में कितने लोग शामिल हैं और किन-किन बच्चों की खरीद-बिक्री की गई है।
संबंधित खबर: अभनपुर अस्पताल के सामने नाली में मिला नवजात का भ्रूण, इलाके में मचा हड़कंप,पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
दूसरे राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं तार
नवजात शिशुओं की अवैध खरीद-फरोख्त की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी थी। प्राथमिक जांच में इस गिरोह के तार दूसरे राज्यों से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।




















