Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर के हातोद में गोवर्धन पूजा, सीएम ने बछड़े को गोद में उठाकर किया दुलार, बोले- प्रदेश की गौशालाएं बनेंगी 'गौ मंदिर'

- कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- सांसद 10 लाख और विधायक 5 लाख हर साल दें गोशालाओं को सहयोग राशि
Follow on Google News
इंदौर के हातोद में गोवर्धन पूजा, सीएम ने बछड़े को गोद में उठाकर किया दुलार, बोले- प्रदेश की गौशालाएं बनेंगी 'गौ मंदिर'
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर के हातोद स्थित रेशम केंद्र गौशाला में बुधवार को गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और गौवंश की सेवा की। उन्होंने गाय के बछड़े को गोद में उठाकर दुलार भी किया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल दिखा।

    इस मौके पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

    Uploaded media

    'टाइगर अभ्यारण हो सकता है, लेकिन गौ अभ्यारण नहीं'

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- 'टाइगर अभ्यारण हो सकता है, लेकिन गौ अभ्यारण नहीं। गौमाता तो हमारी संस्कृति में माता के रूप में प्रतिष्ठित हैं।' उन्होंने कहा कि समय के साथ खेती के तौर-तरीके बदल गए हैं, सिंचाई के साधन और ट्रैक्टरों की सुविधा बढ़ी है, लेकिन प्राकृतिक खेती की महत्ता कम नहीं हुई। सीएम ने कहा कि जो किसान जैविक खेती के लिए पंजीयन कराएंगे, उन्हें एमएसपी के साथ अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से जमीन की उर्वरता और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित होते हैं, इसलिए प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाना समय की जरूरत है।

    गौशालाओं को बनाएं गौमंदिर : सीएम का संकल्प

    मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश की सभी गौशालाओं को आने वाले समय में ‘गौमंदिर’ के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा- मध्यप्रदेश के किसी नगर निगम में अब पिंजरा पोल नहीं चलेगा, बल्कि केवल गौशालाओं का संचालन होगा। उन्होंने बताया कि गाय का दूध और घी शरीर को संपूर्ण पोषण प्रदान करते हैं, और इनके नियमित सेवन से कई बीमारियों से बचाव होता है। सीएम ने कहा, जहां भी जाएं, अपनी जड़ों से जुड़े रहें- गांव की संस्कृति ही हमारी असली पहचान है, सच्चा भारत गांवों में बसता है।

    बालिका महक शर्मा को प्रोत्साहन राशि

    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पर्वत का आकर्षक स्वरूप तैयार करने वाली बालिका महक शर्मा को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से नई पीढ़ी में संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ता है।

    विजयवर्गीय बोले- गौशालाओं की मदद करें सांसद-विधायक 

    कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा- हर विधायक हर साल अपनी क्षेत्र की गौशाला को 5 लाख रुपए और सांसद 10 लाख रुपए दें। उन्होंने कहा कि बच्चों में संस्कार बढ़ाने के लिए जन्मदिन गौमाता की सेवा कर मनाना चाहिए। गौशालाओं में जाकर गायों को दलिया खिलाने की परंपरा शुरू की जानी चाहिए, क्योंकि यह गायों के लिए पौष्टिक आहार है।

    विजयवर्गीय ने कहा- इंदौर की हातोद गौशाला प्रदेश की चुनिंदा बेहतर गौशालाओं में से एक है। किसानों को कभी भी अपनी गाय कसाई के हाथ नहीं बेचनी चाहिए। यदि पालन में दिक्कत आए तो उन्हें गौशालाओं में छोड़ दें।

    गौशाला में किसी तरह की कमी न आने दें : सिलावट 

    कैलाश विजयवर्गीय ने जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट से कहा कि चूंकि यह गौशाला उनके विधानसभा क्षेत्र में आती है, इसलिए यहां किसी तरह की कमी न आने दें।

    उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा- गौशाला के महाराज अच्युतानंद जी आपसे एक रुपया मांगें तो दो देना, और पांच मांगें तो दस।

    गौ सेवा से जुड़ने का आह्वान

    मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने प्रदेशवासियों से गौ सेवा और संरक्षण में जुड़ने की अपील की। सीएम ने कहा कि गौवंश केवल धर्म का नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी आधार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौशालाओं के विस्तार, गौचर भूमि संरक्षण और जैविक कृषि को प्रोत्साहन देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts