युगांडा में भीषण सड़क हादसा : बस और कई गाड़ियां आपस में टकराईं, 63 की मौत, कई घायल

Follow on Google News
युगांडा में भीषण सड़क हादसा : बस और कई गाड़ियां आपस में टकराईं, 63 की मौत, कई घायल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    अफ्रीकी देश युगांडा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। बुधवार (22 अक्टूबर 2025) को कंपाला-गुलू हाईवे पर हुए भयानक सड़क हादसे में 63 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा इतना भीषण था कि बस समेत कई वाहन आपस में बुरी तरह से टकरा गए।

    ओवरटेक करने के दौरान हादसा

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक बस चालक ने कंपाला-गुलू हाईवे पर ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान सामने से आ रही एक लॉरी से बस की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे आ रही कई गाड़ियां भी एक-दूसरे से भिड़ गईं। कुछ ही मिनटों में हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगी।

    राहत और बचाव कार्य जारी

    घटना की सूचना मिलते ही कंपाला पुलिस और आपातकालीन राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुट गए। हादसे में घायल लोगों को पास के किरयांडोंगे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    हाईवे को किया गया बंद

    पुलिस ने बताया कि हादसे में दो बसों और चार अन्य वाहनों की टक्कर हुई। हादसे के बाद कंपाला-गुलू हाईवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है ताकि राहत कार्य आसानी से किया जा सके। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

    देश में शोक की लहर

    इस भीषण सड़क हादसे के बाद पूरे युगांडा में मातम छा गया है। स्थानीय लोगों ने हादसे को देश के अब तक के सबसे बड़े सड़क दुर्घटनाओं में से एक बताया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

    Latest Posts