Priyanshi Soni
22 Oct 2025
मुंबई। पंजाब नेशनल बैंक से 13,850 करोड़ रुपए के घोटाले के आरोपी और भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत लाने की कोशिश तेज हो गई है। इस सिलसिले में भारत ने बेल्जियम अधिकारियों को मुंबई की आर्थर रोड जेल की आधिकारिक तस्वीरें सौंपी हैं। जिनमें तस्वीरों के जरिए बताया गया कि चोकसी को प्रत्यर्पण के बाद जब ऑर्थर रोड जेल में रखा जाएगा तो वहां कैसी सुविधाएं दी जाएगी।
बुधवार की सुनवाई में बेल्जियम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि चोकसी पर लगाए गए अपराध भारत और बेल्जियम, दोनों देशों के कानूनों के तहत प्रत्यर्पण योग्य सही हैं। इस निर्णय के बाद कयास है कि मेहुल चोकसी का प्रत्यपर्ण हो सकता है। दरअसल, बेल्जियम के एंटवर्प शहर की एक कोर्ट ने 17 अक्टूबर को भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को मंजूरी दी थी। इस पर कोर्ट ने माना था कि भारतीय एजेंसियों के अनुरोध पर बेल्जियम पुलिस द्वारा की गई चोकसी की गिरफ्तारी वैध थी।
दस्तावेजों के अनुसार, चोकसी को मुंबई की हाई सिक्युरिटी वाली आर्थर रोड जेल की बैरक नंबर 12 में कड़ी निगरानी में रखा जाएगा। दरअसल यह वही जेल कैंपस है, जहां 26/11 आतंकी अजमल कसाब को भी रखा गया था।
भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम पुलिस ने भारतीय जांच एजेंसियों के प्रत्यर्पण की अपील पर, इसी साल 12 अप्रैल को पंजाब नेशनल बैंक से लोन धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह जेल में है। चोकसी पर 13,850 करोड़ रुपए का घोटाला करने का आरोप है। मेहुल पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा था, जिन्हें बेल्जियम की नागरिकता मिली है। बेल्जियम के विदेश मंत्रालय ने ही चोकसी के होने की जानकारी दी थी। गिरफ्तारी के समय मेहुल चोकसी बेल्जियम से स्विट्जरलैंड भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने चोकसी को गिरफ्तार करते समय दो गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया था। बता दें यह मुंबई की एक अदालत ने 23 मई 2018 और 15 जून 2021 को जारी किए थे।