Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

धमतरी में पति ने पत्नी की हत्या के बाद की आत्महत्या, इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखा- सास-ससुर जिम्मेदार

धमतरी में पति ने पत्नी की हत्या के बाद की आत्महत्या, इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखा- सास-ससुर जिम्मेदार
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि युवक ने वारदात के बाद इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालकर इस घटना के लिए अपनी पत्नी के माता-पिता को जिम्मेदार ठहराया। यह मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के करेलीबड़ी चौकी अंतर्गत ग्राम हरदी का है।

    कमरे में मिले दोनों के शव

    जानकारी के मुताबिक, मृतक हितेश यादव (22) और उसकी पत्नी लक्ष्मी यादव (20) की शादी एक साल पहले हुई थी। दोनों अपने घर में साथ रहते थे। 20 अक्टूबर की रात दोनों अपने कमरे में सोने गए थे। अगले दिन सुबह जब वे काफी देर तक बाहर नहीं निकले, तो हितेश के बड़े भाई गितेश्वर यादव ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने रोशनदान से झांका, तो देखा कि लक्ष्मी का शव ज़मीन पर पड़ा था और हितेश फांसी के फंदे से लटक रहा था।

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई पुष्टि

    परिजनों ने तुरंत दरवाजा तोड़कर दोनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक रिपोर्ट में पता चला कि लक्ष्मी की मौत गला घोंटने से हुई, जबकि हितेश ने साड़ी के फंदे से फांसी लगाई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

    इंस्टाग्राम पर डाली थी चौंकाने वाली पोस्ट

    पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद हितेश यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट डाली थी। उसमें उसने लिखा था- मैं हिम्मत यादव, मैंने अपनी पत्नी लक्ष्मी यादव को जान से मार दिया है। कारण कुछ नहीं, बस मेरी पत्नी के मां-बाप की वजह से मार दिया हूं और मैं भी फांसी लगा लिया हूं।

    फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दोनों परिवारों के बयान लिए जा रहे हैं और हितेश के सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

    Latest Posts