छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का महासंग्राम 21 अक्टूबर से, सरदार सिंह बने एंबेसडर, विजेता को मिलेंगे 11 लाख

रायपुर: छत्तीसगढ़ में हॉकी का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। राजधानी रायपुर में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक पहली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) का आयोजन होगा। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने इसकी घोषणा करते हुए छह फ्रेंचाइजी टीमों और उनकी जर्सी का अनावरण किया। खास बात यह है कि लीग में छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता को 6 लाख रुपये मिलेंगे। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
6 फ्रेंचाइजी, 132 खिलाड़ी और 18 मुकाबले, हॉकी का बड़ा मंच तैयार
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में कुल 132 खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे, जिनमें 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों का दल होगा। टीमों का आवंटन ड्रॉ के माध्यम से किया गया है। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों के साथ एक मुख्य कोच भी दिया गया है। लीग में 18 पुरुष मुकाबलों के अलावा महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच भी खेला जाएगा।

सरदार सिंह संभालेंगे लीग की कमान, युवा खिलाड़ियों को मिलेगा मार्गदर्शन
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का एंबेसडर बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी का जुड़ना युवा खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी को प्रोत्साहित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना और राज्य में खेलों के मजबूत ढांचे का विकास करना है।
ये हैं छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की छह टीमें और उनके फ्रेंचाइजी मालिक
लीग में उद्योग, ऊर्जा, खनन और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित संस्थान फ्रेंचाइजी के रूप में शामिल हुए हैं।
चक्रधर चैंपियंस: जिंदल स्टील लिमिटेड
न्यायधानी नाइट्स: साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL)
राजधानी रॉयल्स: श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड
मैनपाट टाइगर्स: छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स: सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड
बैलाडीला बुल्स: एनएमडीसी लिमिटेड
इन टीमों में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, ओलंपियनों और छत्तीसगढ़ की स्थानीय प्रतिभाओं का मिश्रण देखने को मिलेगा।

छह ओलंपियन बनेंगे टीमों की ताकत, स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा अनुभव
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की प्रमुख विशेषता प्रत्येक टीम में एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी का शामिल होना है। सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर सिंह और चिंगलेनसाना सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीमों की अगुवाई करेंगे। इनके अनुभव से युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तर की हॉकी सीखने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
संबंधित खबर: Raipur: IPL की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में पहली हॉकी लीग, 6 टीमें भिड़ेंगी, स्थापना दिवस पर होगा फाइनल
विजेता को 11 लाख, उपविजेता को 6 लाख; व्यक्तिगत पुरस्कार भी आकर्षण
लीग में खिलाड़ियों और टीमों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता को 6 लाख रुपये मिलेंगे। इसके अलावा व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए 4 लाख रुपये के पुरस्कार रखे गए हैं।
प्लेयर ऑफ द मैच: प्रत्येक मुकाबले में 10,000 रुपये
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: 1 लाख रुपये
टॉप स्कोरर: 30,000 रुपये
सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: 30,000 रुपये
सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी: 30,000 रुपये
अंडर-21 उभरता खिलाड़ी: 30,000 रुपये
इन पुरस्कारों से खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है।
शाम 5:30 और 7:30 बजे होंगे मुकाबले, दर्शकों की एंट्री फ्री
रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में प्रतिदिन दो मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों मुकाबलों के बीच मनोरंजन कार्यक्रम भी होंगे। दर्शक बिना टिकट स्टेडियम पहुंचकर हॉकी का आनंद ले सकेंगे। वहीं, स्टेडियम नहीं पहुंच पाने वाले दर्शकों के लिए लीग का लाइव प्रसारण JioHotstar पर किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में जस्सी गिल और बब्बल राय की प्रस्तुति
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्घाटन समारोह खेल के साथ प्रदेश की कला और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करेगा। समारोह में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय मुख्य आकर्षण रहेंगे। इस दौरान हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।
'बघवा' मस्कट और 'चलो रे संगी हॉकी खेलबो' टैगलाइन से जुड़ी प्रदेश की पहचान
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को राज्य की संस्कृति और पहचान से जोड़ने के लिए विशेष लोगो, मस्कट और टैगलाइन तैयार की गई है। लीग के मस्कट का नाम 'बघवा' रखा गया है, जो छत्तीसगढ़ की शान बाघ से प्रेरित है। वहीं, 'चलो रे संगी हॉकी खेलबो' टैगलाइन के जरिए प्रदेश के लोगों को हॉकी से जुड़ने का संदेश दिया गया है।
संबंधित खबर: Raipur News: छत्तीसगढ़ में होगी हॉकी लीग, खेल मंत्री अरुण साव का बड़ा ऐलान
स्थानीय खिलाड़ियों के लिए क्यों खास है यह लीग?
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का सबसे बड़ा उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना है। छह फ्रेंचाइजी, 108 स्थानीय खिलाड़ी और ओलंपियन खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रदेश में हॉकी को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। अब रायपुर में 21 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता पर खेल प्रेमियों की नजरें रहेंगी।




















