🌤️
--Raipur, India

PlayBreaking News

Raipur: छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा हॉकी लीग का रोमांच, सितंबर में 6 टीमें भिड़ेंगी IPL की तर्ज पर होगा प्लेयर्स ऑक्शन

रायपुर में फ्लड लाइट में होंगे मुकाबले, हर टीम में छत्तीसगढ़ के 14-15 खिलाड़ी और 3 इंटरनेशनल प्लेयर्स को मिलेगा मौका,छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य स्तरीय हॉकी लीग का आयोजन होने जा रहा है। खेल विभाग और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। लीग का आयोजन सितंबर के दूसरे सप्ताह में रायपुर में किया जाना प्रस्तावित है। आयोजन की अंतिम तारीख और टीमों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे। ,
Follow on Google News
 छत्तीसगढ़ में पहली बार  होगा हॉकी लीग का रोमांच, सितंबर में 6 टीमें भिड़ेंगी  IPL की तर्ज पर होगा प्लेयर्स ऑक्शन

रायपुर: छत्तीसगढ़ में हॉकी खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने के लिए पहली बार छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित की जा रही है। सितंबर के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित इस लीग में प्रदेश की 6 टीमें हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों का चयन IPL की तर्ज पर ऑक्शन के जरिए किया जाएगा। हर टीम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बड़े स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा।

पहली बार छत्तीसगढ़ में हॉकी लीग

छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य स्तरीय हॉकी लीग का आयोजन होने जा रहा है। खेल विभाग और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। लीग का आयोजन सितंबर के दूसरे सप्ताह में रायपुर में किया जाना प्रस्तावित है। आयोजन की अंतिम तारीख और टीमों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे।

6 टीमों के बीच होगा मुकाबला

लीग में प्रदेश के 6 क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व मिलेगा। रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, सरगुजा, बस्तर और रायगढ़-जशपुर के नाम से छह टीमें बनाई जाएंगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में फ्लड लाइट के बीच खेले जाने की योजना है। संभावित तारीख 10 से 12 सितंबर के बीच लीग के मुकाबले आयोजित किए जाने की संभावना है।

IPL की तर्ज पर होगा खिलाड़ियों का ऑक्शन

इस हॉकी लीग की सबसे खास बात खिलाड़ियों का चयन होगा। IPL की तर्ज पर ऑक्शन के जरिए खिलाड़ियों को टीमों में शामिल किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों से प्रतिभावान खिलाड़ियों की जानकारी जुटाई जा रही है। खेल विभाग के अधिकारी और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के पदाधिकारी मिलकर लीग का पूरा खाका तैयार कर रहे हैं।

हर टीम में होंगे 3 इंटरनेशनल खिलाड़ी

प्रत्येक टीम में कुल 18 खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें करीब 14 से 15 खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के होंगे। जूनियर वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी लीग में खेलने का मौका दिया जाएगा।

हर टीम में 3 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल करने की योजना है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी और बड़े स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा।

खिलाड़ियों को मिलेगी मैच फीस और किट

लीग में शामिल खिलाड़ियों को उनकी योग्यता के आधार पर मैच फीस भी दी जाएगी। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रैक्टिस और मैच के लिए अलग-अलग जर्सी के साथ दो किट उपलब्ध कराने की योजना है।

कमजोर खिलाड़ियों के लिए बनेगा बड़ा मंच

यह लीग प्रदेश के उन खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बन सकती है, जिन्हें आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण बड़े मंच पर खेलने का मौका नहीं मिल पाता। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने से युवा हॉकी खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा और खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा।

खेल मंत्री बोले- राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बनेगा मंच

डिप्टी सीएम एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए टीमों के नाम और आयोजन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि प्रदेश के सभी संभागों के उत्कृष्ट और प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह लीग छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। लीग पर हॉकी इंडिया की भी नजर रहेगी।

हॉकी संघ की तैयारी तेज

छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के महासचिव मनीष श्रीवास्तव के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से चर्चा चल रही है। उनके लीग में शामिल होने से प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा और उन्हें हॉकी की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा।

PREM

मै People's Updates रायपुर,छग में CHIEF EDITOR के पद में कार्यरत हूँ।अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत...Read More

icon

Latest Posts