MP के बालाघाट में एक युवक ने पत्नी से झगड़े का गुस्सा निकाला मां पर, हत्या कर कुएं में फेंका शव, उम्रकैद

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में मां की हत्या के करीब पांच साल पुराने मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। पत्नी से विवाद होने के बाद गुस्से में बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं, सबूत छिपाने के लिए उसने मां के शव को घर के पीछे बने सूखे कुएं में फेंक दिया था। अब बैहर की अपर सत्र न्यायालय ने आरोपी बेटे को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी सुखदेव पिता कुंजीलाल वरकड़े (37), निवासी ग्राम कटंगा, थाना परसवाड़ा को हत्या के मामले में उम्रकैद और 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा दी है। वहीं, सबूत छिपाने के मामले में उसे 5 साल के सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया गया है।
कुएं में मिला था महिला का शव
अभियोजन के अनुसार, 1 दिसंबर 2021 को परसवाड़ा थाना प्रभारी राजीव उइके को ओमकार कंगाले ने सूचना दी थी कि ग्राम कटंगा में उसकी बहन धनवंता बाई की हत्या कर दी गई है। ओमकार ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे वह खलिहान में काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के हरि पुर्राम ने उसे बताया कि सुखदेव ने उसकी बहन को मार दिया है। यह खबर मिलते ही ओमकार अपनी बहन के घर पहुंचा। वहां घर के पीछे बने सूखे कुएं में धनवंता बाई का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि घटना के समय घर में धनवंता बाई और उसका बेटा सुखदेव ही मौजूद थे।
पत्नी से विवाद के बाद मां से हुआ झगड़ा
पूछताछ में सुखदेव ने बताया कि उसका पत्नी लता से विवाद हुआ था। झगड़े के बाद पत्नी अपने बच्चों को लेकर पड़ोसी के घर चली गई थी। इसी बात को लेकर उसकी मां ने उसे समझाने की कोशिश की। इस दौरान मां-बेटे के बीच भी विवाद हो गया। गुस्से में आकर सुखदेव ने अपनी मां की हत्या कर दी। इसके बाद उसने सबूत छिपाने के इरादे से शव को घर के पीछे बने सूखे कुएं में फेंक दिया।
ये भी पढ़ें: भोपाल में 3.10 ग्राम MDMA के साथ 26 वर्षीय युवक गिरफ्तार, उज्जैन से लाकर करता था सप्लाई
पत्नी की गवाही से मिला अहम सुराग
इस मामले में आरोपी की पत्नी लता की गवाही भी अहम रही। उसने अदालत को बताया कि पति के साथ विवाद होने पर वह बच्चों को लेकर पड़ोसी छन्नू काका के घर चली गई थी और रात वहीं रुकी थी। लता के मुताबिक, घटना के समय घर में उसकी सास और पति ही मौजूद थे। अभियोजन पक्ष ने पत्नी की गवाही और दूसरे परिस्थितिजन्य सबूतों के आधार पर अदालत में अपना पक्ष रखा।
अदालत ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने सुखदेव को दोषी पाया और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। फैसले में अदालत ने कहा कि घर वह जगह है, जहां इंसान खुद को सबसे सुरक्षित महसूस करता है। ऐसे में अपनी ही मां के साथ इस तरह का अपराध करना बेहद गंभीर है। अदालत ने आरोपी को हत्या के मामले में उम्रकैद और 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। इसके अलावा सबूत छिपाने के मामले में 5 साल का सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया। शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक अशोक कुमार बाट ने पैरवी की।




















