अंबिकापुर में जंगली हाथी का खूनी हमला! खेत में दौड़ाकर युवक को कुचला, VIDEO वायरल

रायपुर/अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टिरंग में एक जंगली हाथी ने खेत में भाग रहे युवक को दौड़ाकर कुचल दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक हाथी की चपेट में आकर घायल हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उसकी जान बच गई। घटना का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
खेत में मचा हड़कंप, युवक के पीछे दौड़ा हाथी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान खेत में मौजूद लोगों की नजर अचानक जंगली हाथी पर पड़ी। हाथी को देखकर लोगों में भगदड़ मच गई। हर कोई अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा। इसी बीच खेत के बीच से भाग रहे एक युवक को हाथी ने निशाना बना लिया और उसे दौड़ाकर कुचल दिया।
संबंधित खबर: CG News : छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ में हाथियों के हमलों में दो लोगों की मौत
VIDEO में कैद हुआ हमले का खौफनाक मंजर
वायरल वीडियो में जंगली हाथी युवक को अपनी चपेट में लेकर कुचलता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोग भी हाथी के हमले से बचने के लिए भागते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
अस्पताल में घायल युवक का उपचार
हाथी के हमले में घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गनीमत रही कि इतने खतरनाक हमले के बावजूद युवक की जान बच गई। हालांकि, उसकी चोटों और स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सीतापुर वन परिक्षेत्र की बताई जा रही घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना सीतापुर वन परिक्षेत्र की बताई जा रही है। घटना के समय हाथियों की संख्या और हमले की परिस्थितियों को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
हाथी प्रभावित गांवों में फिर बढ़ी दहशत
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में जंगली हाथियों की आवाजाही के बीच इस तरह की घटनाएं ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। खेतों में काम करने और आवाजाही के दौरान ग्रामीणों को हाथियों से खतरा बना रहता है। घटना के बाद हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता और वन विभाग की निगरानी बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।




















