Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में 536.23 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई प्रोजेक्ट का लोकार्पण, सीएम मोहन यादव बोले-किसानों की समृद्धि ही मप्र की खुशहाली का आधार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर के भैरूंदा में 536.23 करोड़ रुपये की सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के प्रथम और द्वितीय चरण का लोकार्पण किया। इससे बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। भूमिगत पाइपलाइन से नर्मदा का पानी खेतों तक पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने बुधनी क्षेत्र को 574 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात भी दी।।

सीहोर। बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र की खेती-किसानी की तस्वीर बदलने वाली सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के लोकार्पण के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास के मोर्चे पर बड़ा संदेश दिया। शुक्रवार को भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 536.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित परियोजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण का लोकार्पण किया। इसके साथ ही बुधनी क्षेत्र को 574 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। अब तक नर्मदा के किनारे रहने के बावजूद सिंचाई के लिए पानी की कमी से जूझ रहे किसानों के खेतों तक भूमिगत पाइपलाइन के जरिए नर्मदा का पानी पहुंचेगा। परियोजना से 76 गांवों के 30 हजार 91 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली से ऑनलाइन शामिल हुए।

मुख्यमंत्री का दो टूक संदेश- हर वर्ग का कल्याण, गांव-गांव विकास सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान देश और दुनिया में बढ़ा है। केंद्र और प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही हैं। गांव-गांव पक्की सड़क, निरंतर बिजली, पर्याप्त पानी और हर हाथ को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। बुधनी की धरती पर मां नर्मदा के पानी की उपलब्धता किसानों के लिए समृद्धि के नए रास्ते खोलेगी। अब खेतों को पर्याप्त पानी मिलेगा और किसान बेहतर उत्पादन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

55 साल में 7.5 लाख हेक्टेयर सिंचाई, अब आंकड़ा 60 लाख तक पहुंचा

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती व्यवस्थाओं और वर्तमान विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद मध्यप्रदेश में 55 वर्षों के दौरान सिंचाई का रकबा महज 7.5 लाख हेक्टेयर तक पहुंच पाया था, जबकि हमारी सरकार ने इसे बढ़ाकर लगभग 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा दिया है। पिछले ढाई वर्षों में ही सिंचाई का रकबा लगभग 20 लाख हेक्टेयर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को रात में भी पर्याप्त बिजली नहीं मिलती थी, लेकिन अब दिन में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का लक्ष्य खेती को लाभकारी बनाना और किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

रोजगार के मोर्चे पर सरकार का बड़ा दावा, दो लाख पदों पर होगी भर्ती

मुख्यमंत्री ने रोजगार और औद्योगिक विकास को लेकर कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में उद्योग और कारखाने स्थापित हो रहे हैं। सरकार ने पिछले दिनों 85 हजार शासकीय पदों पर भर्ती की है और आने वाले समय में दो लाख पदों पर और भर्ती की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में विकास और जनकल्याण के लिए न धन की कमी है और न ही सरकार के संकल्प में कोई कमी है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

लाड़ली बहनों से लेकर नारी वंदन तक, महिला सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 60 हजार करोड़ रुपये की राशि बहनों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व बढ़ने से देश के विकास को नई गति मिलेगी।

धार्मिक पर्यटन और किसानों की आय बढ़ाने पर भी सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक स्थलों के विकास के लिए लगातार काम हो रहा है। ओरछा, दतिया, कटनी और मैहर में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास कार्य किए गए हैं। सलकनपुर मंदिर में सात करोड़ रुपये की लागत से विश्रामगृह का निर्माण कराया जा रहा है। सरकार भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े लीला स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, मछली पालन, प्राकृतिक खेती और गोपालन को प्रोत्साहित करने की बात कही। मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है और सरकार इसे पहले स्थान पर लाने के लिए प्रयासरत है। नीलगाय और हिरणों से फसलों को बचाने के लिए बोमा पद्धति का प्रयोग भी किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: सीहोर में संविधान दिवस पर छात्राओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प, अधिकारों के साथ कर्तव्यों को निभाने का संदेश

शिवराज सिंह चौहान बोले- खेतों तक पानी नहीं, मां नर्मदा का आशीर्वाद पहुंचेगा

केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली से वर्चुअल संबोधन में सीप-अंबर परियोजना को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र के 76 गांवों के खेतों तक पानी पहुंचेगा। पानी के बिना खेती की कल्पना संभव नहीं है। किसान मेहनती हैं और उन्हें पर्याप्त संसाधन मिल जाएं तो वे पूरे प्रदेश और देश की तस्वीर बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल खेतों तक पानी पहुंचाने की परियोजना नहीं है, बल्कि किसानों के जीवन में समृद्धि लाने वाली योजना है। मां नर्मदा का आशीर्वाद अब पानी के रूप में खेतों तक पहुंचेगा और पूरे क्षेत्र में खुशहाली आएगी।

30 हजार से अधिक किसान परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है। सीप-अंबर परियोजना से 76 गांवों के 30 हजार से अधिक किसान परिवार लाभान्वित होंगे। इससे क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश स्वर्णिम प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बुधनी क्षेत्र को मिली यह सौगात किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि है। बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

पहले चरण में 47 और दूसरे चरण में 29 गांव होंगे लाभान्वित

सीप-अंबर परियोजना के प्रथम चरण में 47 गांवों की 15,284 हेक्टेयर और द्वितीय चरण में 29 गांवों की 14,807 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। पहले चरण पर 346.12 करोड़ और दूसरे चरण पर 190.11 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। परियोजना के तहत प्रथम चरण में 16.57 किलोमीटर और दूसरे चरण में 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। दोनों चरणों का निर्माण निर्धारित 36 महीने की अवधि में पूरा किया गया। निर्माण एजेंसियां अनुबंध के अनुसार अगले पांच वर्षों तक परियोजना का संचालन और रखरखाव भी करेंगी।

ये भी पढ़ें: PU Special : उप्र का 'फुलेरा' बनकर देशभर में छाया एमपी का 'महोड़िया', लेकिन पर्दे पर गांव का असली नाम नहीं आने की रह गई कसक

भूमिगत पाइपलाइन से पहुंचेगा पानी, रिसाव और वाष्पीकरण से होगी बचत

परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि नर्मदा नदी से पानी लिफ्ट कर पंप हाउस और भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे पानी के रिसाव और वाष्पीकरण से होने वाली बर्बादी कम होगी। किसान तकनीकी व्यवस्था के अनुसार स्प्रिंकलर और ड्रिप प्रणाली से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। इससे जल का बेहतर उपयोग होगा और कम पानी में अधिक क्षेत्र की सिंचाई संभव हो सकेगी।

सड़क, स्कूल और विश्रामगृह सहित 38.83 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने सीप-अंबर परियोजना के अलावा लगभग 38.83 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैरूंदा में तीन प्रयोगशालाओं और चार अतिरिक्त कक्षों का 123.20 लाख रुपये से निर्माण तथा सलकनपुर में 690.37 लाख रुपये की लागत से विश्रामगृह निर्माण शामिल है। इसके अलावा हाथीघाट से पाचौर तक 4.50 किलोमीटर सड़क, चादराखेड़ी से प्रस्तावित कृषि उपज मंडी रेला मार्ग, भीमगांव मार्ग से बालम्या कॉलोनी, डिमावर से अब्बाजदीद और इटावाखुर्द से डोंगलापानी तक सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में लगभग 2.61 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया गया। इनमें छह शासकीय प्राथमिक शाला भवनों का निर्माण शामिल है। प्रत्येक विद्यालय भवन के लिए 18.25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम गोपालपुर में 35.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। भैरूंदा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला पिपलानी और ईजीएस चकबंदी के भवन निर्माण के लिए 43.26-43.26 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम बगवाड़ा में 30 लाख रुपये की लागत से एक किलोमीटर सीसी रोड का निर्माण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, जिला भाजपा अध्यक्ष नेरश मेवाड़ा, रवि मालवीय, निर्मला बारेला, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, भैरूंदा नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर मौजूद रहे।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts