Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

फग्गन सिंह कुलस्ते को सीएम के अपर सचिव का जवाब, बोले-सांसद स्वास्थ्य राज्य मंत्री थे, फिर मंडला में मेडिकल कॉलेज का अवसर क्यों छूटा?

मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की नाराजगी के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने वीडियो जारी कर अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि मंडला में मेडिकल कॉलेज का नहीं बन पाना विकास का बड़ा अवसर गंवाना था। मरकाम ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की आलोचना करना नहीं, बल्कि विकास के छूटे अवसरों पर चर्चा करना है।
फग्गन सिंह कुलस्ते को सीएम के अपर सचिव का जवाब, बोले-सांसद स्वास्थ्य राज्य मंत्री थे, फिर मंडला में मेडिकल कॉलेज का अवसर क्यों छूटा?
भोपाल। मुख्यमंत्री के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते।

भोपाल। मंडलवा सांसाद और मुख्यमंत्री के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम के बयानों के विवाद में शुक्रवार को नया मोड़ आया। लक्ष्मण सिंह मरकाम ने अपने वीडियो में कहा कि मंडला में मेडिकल कॉलेज नहीं बन पाने को गोल्डन अपॉर्च्युनिटी गंवाने की बात कहना किसी व्यक्ति विशेष की आलोचना नहीं है। यह सवाल उठाने में कोई बुराई नहीं है। नीति आयोग के सर्वाधिक पिछड़े जिलों की सूची में शामिल क्षेत्रों के लिए वर्ष 2014 में मेडिकल कॉलेजों के पहले चरण को मंजूरी दी गई थी। मध्यप्रदेश में मंडला सहित छह जिलों को इसका लाभ मिला था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रयास किया था।

जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा रही है कि वे प्रोजेक्ट आगे बढ़ाने का प्रयास करें

मरकाम ने कहा कि दिशा (DISHA) समिति के अध्यक्ष संबंधित क्षेत्र के सांसद होते हैं। नौकरशाह और प्रशासनिक अधिकारी समिति के सदस्य के रूप में उनके सामने विकास परियोजनाएं रखते हैं। जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा रहती है कि वे इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करें। इसलिए किसी जिले में विकास के अवसर छूटने पर सवाल उठाना किसी को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाना नहीं है। यह व्यवस्था और उसके क्रियान्वयन से जुड़ा सामान्य विषय है। उन्होंने कहा कि इस बात को व्यक्तिगत टिप्पणी या किसी के प्रति अनादर के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। 

Featured News

जब केंद्र व राज्य सरकार प्रयास कर रहीं थी तो परियोजना क्यों नहीं बढ़ी

मरकाम ने मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर विस्तार से बात करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने मंडला को करीब 400 करोड़ रुपये का मेडिकल कॉलेज दिया था। वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक की ग्रांट भी सीधे जारी कर दी थी। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब केंद्र और राज्य सरकार दोनों स्तरों पर प्रयास हो रहे थे, तब मंडला में यह परियोजना समय पर आगे क्यों नहीं बढ़ सकी?

कुलस्ते केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद थे, इसलिए भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक

उन्होंने कहा कि सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते 5 जुलाई 2016 से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में राज्य मंत्री भी रहे थे। स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना के समय उनकी भूमिका और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। मरकाम ने कहा कि इसमें सांसद के प्रति पूरा सम्मान है, लेकिन एक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी के रूप में यह जानना जरूरी है कि विकास का अवसर क्यों छूट गया। यदि किसी दूसरे जिले में परियोजना पहले पूरी हो जाती है और मंडला पीछे रह जाता है तो उसके कारणों पर चर्चा होनी चाहिए। यह किसी की बुराई नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी चूक रोकने की कोशिश है। मरकाम ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि परियोजना के लिए टेंडर सहित आवश्यक प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई गई हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा होती है कि वे परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहयोग करें, ताकि जनता को उनका पूरा लाभ मिल सके।

ये भी पढ़ें: पुल की मांग के सवाल पर भड़के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, बोले- काम की बात नहीं करते, सिर्फ कमियां गिनाते हो

मंडला में आज भी पॉलिटेक्निक कॉलेज नहीं होना चिंता का विषय

मरकाम ने मंडला सहित प्रदेश के जनजातीय जिलों में सिकल सेल बीमारी की गंभीरता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने विदेश दौरों के दौरान भी ऐसी बीमारियों का मुद्दा उठाया है, जिनकी पहले पर्याप्त चर्चा नहीं होती थी। सिकल सेल भी ऐसी ही गंभीर बीमारी है। मंडला, झाबुआ, बड़वानी और अलीराजपुर जैसे जनजातीय बहुल जिलों में इसके मरीजों की बड़ी संख्या है। बीमारी के उपचार और एडवांस सेंटर विकसित करने के लिए बेहतर मेडिकल सुविधाएं जरूरी हैं। ऐसे में मंडला में मेडिकल कॉलेज की जरूरत और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में जिले की कमियों पर भी ध्यान दिलाया। मरकाम ने कहा कि मंडला में आज भी पॉलिटेक्निक कॉलेज नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने इसकी मांग की है और इसे विकास की प्राथमिकता के रूप में चिन्हित किया गया है।

मंडला में इंजीनियरिंग कॉलेज भी होना चाहिए 

उन्होंने कहा कि मंडला जैसे बड़े जनजातीय आबादी वाले जिले में केवल पॉलिटेक्निक ही नहीं, बल्कि एक भव्य इंजीनियरिंग कॉलेज भी होना चाहिए।मरकाम ने कहा कि भविष्य में पीपीपी मॉडल सहित दूसरे तरीकों से औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियां बढ़ाई जा सकती हैं। मंडला में वन संसाधन, स्थानीय क्षमता और उपलब्ध संभावनाओं के आधार पर रोजगार के नए अवसर तैयार करने की जरूरत है। पॉलिटेक्निक, आईटीआई और इंजीनियरिंग कॉलेज जैसे संस्थान स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा देंगे और उन्हें रोजगार के लिए दूसरे क्षेत्रों में पलायन करने से रोकने में मदद करेंगे।

ये भी पढ़ें: MP News : केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का ट्विटर अकाउंट हैक, मंत्री ने ट्विटर इंडिया से मांगी मदद

ट्राइबल यूनिवर्सिटी के स्थान पर भी उठाए सवाल 

मरकाम ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में पहला जनजातीय विश्वविद्यालय स्थापित होना अच्छी बात थी, लेकिन उसका नाम किसी जनजातीय जननायक के नाम पर होता तो और बेहतर होता। उन्होंने विश्वविद्यालय की भौगोलिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि मंडला जैसे जनजातीय बहुल जिले में शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर जैसी चुनौतियां हैं। ऐसे क्षेत्र में यदि इतना बड़ा शैक्षणिक संस्थान स्थापित होता तो स्थानीय युवाओं को अधिक लाभ मिलता। उन्होंने कहा कि अमरकंटक स्थित विश्वविद्यालय जिला मुख्यालय से काफी दूर है। इसकी दूरी के कारण स्थानीय जनजातीय विद्यार्थियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने वहां की भौगोलिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी जाने के लिए छत्तीसगढ़ जाना पड़ता है, फिर मप्र आते हैं।

डिंडौरी में मुख्यमंत्री के अपर सचिव मरकाम पर भड़के थे सांसद फग्गन  

गुरुवार को डिंडौरी पहुंचे सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम पर भड़क गए थे। कुलस्ते ने कहा था कि सरकार को बदनाम करने और जनता को भड़काने वाले अफसर नहीं चाहिए, यदि राजनीति करनी है तो वे चुनाव लड़कर जनता के बीच जाएं। कुलस्ते ने मरकाम से उनके कार्यकाल का हिसाब भी मांगा। कुलस्ते ने पूछा  कि- मुख्यमंत्री के विशेष सहायक रहते मंडला, डिंडौरी, सिवनी और नरसिंहपुर के लिए कितनी योजनाएं बनाईं। कितने काम जमीन पर उतारे? उनकी लोकप्रियता का फैसला कोई नौकरशाह नहीं, जनता करेगी। इससे पहले मरकाम ने मंडला में मेडिकल कॉलेज नहीं खुल पाने को गोल्डन अपॉर्च्युनिटी खोना बताया था। इसी बात पर कुलस्ते खफा हो गए थे।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts