भोपाल में 3.10 ग्राम MDMA के साथ 26 वर्षीय युवक गिरफ्तार, उज्जैन से लाकर करता था सप्लाई

भोपाल क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए MP नगर जोन-1 से 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 3.10 ग्राम MD (मेफेड्रोन) बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी उज्जैन से MD लेकर भोपाल आता था और यहां इसकी सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस उससे जुड़े सप्लायर और खरीदारों की जानकारी जुटा रही है।
खाली मैदान में ग्राहक का इंतजार कर रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि LIC ऑफिस के सामने स्थित शिव मंदिर के पीछे खाली मैदान में एक युवक नशीले पदार्थ के साथ ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी जींस की जेब से पारदर्शी पन्नी में रखा सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला। जांच में यह MD निकला, जिसका वजन 3.10 ग्राम था।
उज्जैन से भोपाल लाता था MD
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनिस कुरैशी पिता मुजीब कुरैशी, निवासी जिंसी चौराहा, जहांगीराबाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र 26 साल है और वह दसवीं तक पढ़ा है। पूछताछ में उसने बताया कि वह उज्जैन से MD लेकर भोपाल आता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह शहर में किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था।
हरदा में 20 लाख की एमडी ड्रग्स का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, राजस्थान से पकड़कर लाई पुलिस
मोबाइल चैट से तलाशे जा रहे सप्लायर और खरीदार
क्राइम ब्रांच आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल और वॉट्सऐप चैट की जांच कर रही है। इसके जरिए नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और खरीदारों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब से इस गतिविधि में शामिल था और उसके साथ इस कारोबार में कौन-कौन लोग जुड़े हैं।




















