APEC सम्मेलन के दौरान जहां शी और ट्रंप मिले वहां से कुछ किलोमीटर दूर बिक रही थीं एनवीडिया की एडवांस चिप्स

वॉशिंगटन। पिछले हफ्ते APEC शिखर सम्मेलन के दौरान जिस विला में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई थी, उससे कुछ किलोमीटर दूर शेन्जेन के व्यस्त इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में प्रतिबंधित AI चिप्स बेची जा रही थीं। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में यह खुलासा ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका Nvidia पर अपनी निगरानी बढ़ा रहा है। अमेरिका के कड़े निर्यात प्रतिबंधों के बावजूद चीन के शेन्जेन स्थित हुआकियांगबेई इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में Nvidia के एडवांस AI चिप्स बिक रही हैं। इनमें Blackwell B300 भी शामिल है। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इन चिप्स वाले सर्वर की कीमत 3 से 3.4 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जबकि अमेरिका में ऐसे सर्वर की कीमत 5 से 6 लाख डॉलर है। अखबार की पड़ताल में सामने आया कि बाजार के विक्रेता Nvidia की Blackwell B300 जैसी एडवांस चिप्स भी बेच रह हैं।
हाल ही में हुई पड़ताल के दौरान एक विक्रेता ने सप्लायर से बातचीत के बाद आठ Blackwell B300 चिप्स वाले सर्वर की कीमत 20 मिलियन युआन यानी करीब 3 मिलियन डॉलर बताई। दूसरे व्यापारियों ने भी इसी तरह के सर्वर की कीमत 3 से 3.4 मिलियन डॉलर के बीच बताई। अमेरिका के निर्यात प्रतिबंधों के बाद पिछले कुछ हफ्तों में इनकी कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। Wu नाम के एक विक्रेता ने वॉशिंगटन पोस्ट को बताया कि दो महीने पहले Blackwell B300 सर्वर की कीमत करीब 2 मिलियन डॉलर थी।
हालांकि Nvidia अपने हाई-एंड चिप्स की कीमत सार्वजनिक रूप से नहीं बताती है। वहीं, ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन के फेलो काइल चान के मुताबिक, अमेरिका में इसी तरह के B300 सर्वर की कीमत लगभग 500,000 से 600,000 डॉलर है।
अमेरिका के निर्यात प्रतिबंधों को लागू करने में आ रही चुनौती
शेन्जेन में इन चिप्स की मौजूदगी अमेरिका के निर्यात प्रतिबंधों को लागू करने में आ रही मुश्किलों को उजागर करती है। इन प्रतिबंधों का उद्देश्य चीन की अमेरिकी तकनीक तक पहुंच रोकना और AI के क्षेत्र में अमेरिका की बढ़त बनाए रखना है। Nvidia ने 2024 में अपनी Blackwell सीरीज पेश की थी। इसके बाद राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण अमेरिका ने चीन को इन चिप्स की आपूर्ति पर रोक लगा दी। व्यापारियों ने वॉशिंगटन पोस्ट को बताया कि प्रतिबंधित चिप्स हॉन्ग कॉन्ग और अन्य जगहों से जुड़े सप्लाई नेटवर्क के जरिए चीन पहुंच रहे हैं।
रूस और ईरान के ग्राहक भी खरीद रहे चिप्स
शेन्जेन की सप्लाई चेन कंसल्टेंसी Sparrows के संस्थापक जोशुआ वुडार्ड ने वॉशिंगटन पोस्ट को बताया कि किसी बड़े चीनी AI डेवलपर को कई Blackwell चिप्स की जरूरत हो तो वह हुआकियांगबेई बाजार जाकर खरीदारी कर सकता है। यह बाजार स्टार्टअप, स्वतंत्र डेवलपर्स और विदेशी खरीदारों को आकर्षित करता है। जेसन चेंग नाम के एक विक्रेता ने बताया कि रूस और ईरान के ग्राहक पिछले चार-पांच सालों से उनके स्टॉल से Nvidia के चिप्स खरीद रहे हैं। चेंग ने कहा कि उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि ग्राहक किस देश से आया है। उनके लिए जरूरी है कि ग्राहक भुगतान करने में सक्षम हो।
हॉन्ग कॉन्ग से आ रही Nvidia के दूसरी चिप्स
कुछ व्यापारियों के मुताबिक, Nvidia के ये उत्पाद शेन्जेन और पास के हॉन्ग कॉन्ग स्थित गोदामों में रखे गए थे। खरीदारों को चिप्स दिखाने से पहले उनसे एडवांस डिपॉजिट मांगा जाता था। बाजार में Nvidia के अन्य उत्पाद भी खुलेआम प्रदर्शित किए गए थे। इनमें RTX 5090 और RTX PRO 6000 चिप्स शामिल हैं। एक विक्रेता ने बताया कि इन चिप्स को आमतौर पर हॉन्ग कॉन्ग के रास्ते लाया जाता है। उसने यह भी माना कि इन पर कुछ प्रतिबंध लागू हैं।
Nvidia चिप्स पर चीन के दूतावास ने कहा
वॉशिंगटन पोस्ट को दिए बयान में चीनी दूतावास के प्रवक्ता लियू चांग ने अमेरिका से चीन को होने वाले चिप निर्यात पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि चीन, अमेरिका की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा के दायरे को जरूरत से ज्यादा बढ़ाने और निर्यात नियंत्रण उपायों के गलत इस्तेमाल का विरोध करता है। उनके मुताबिक, ऐसे कदम वैश्विक औद्योगिक और सप्लाई चेन की स्थिरता को प्रभावित करते हैं।




















