CM साय ने भिलाई को दी 154 करोड़ की सौगात, 27 करोड़ की सड़कें मंजूर, ऑडिटोरियम-इंडोर स्टेडियम भी बनेगा

रायपुर/ दुर्ग भिलाई: छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। सोमवार को खुर्सीपार में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में मुख्यमंत्री ने 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके साथ ही दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं के लिए 27 करोड़ रुपये की घोषणा की। भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण का भी ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में भिलाई नगर निगम के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
भिलाई के लिए 154 करोड़ का विकास पैकेज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, बेहतर सड़कों और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। भिलाई में 154.66 करोड़ रुपये के विकास कार्य इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन परियोजनाओं से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास और सुविधाओं का विस्तार होगा।
संबंधित खबर: रायपुर को कल दो नई ट्रेनों की सौगात,CM साय दिखाएंगे हरी झंडी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी जुड़ेंगे
दो सड़कों के लिए 27 करोड़ रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण परियोजनाओं की घोषणा की।
पहली सड़क: कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये।
दूसरी सड़क: जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये।
इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 27 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की घोषणा की गई है।
भिलाई में बनेगा ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम
भिलाईवासियों को सांस्कृतिक और खेल सुविधाओं की भी बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री ने भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। इससे शहर में सांस्कृतिक आयोजनों, खेल गतिविधियों और प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
तीन साल में भिलाई को मिले 886 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य शहरों को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है। नगरीय निकायों में किए जा रहे प्रयासों के चलते छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर भी पुरस्कार मिल रहे हैं।
संबंधित खबर: बीरगांव को 135 करोड़ की सौगात, CM साय ने खोला घोषणाओं का पिटारा,आवासीय पट्टे का भी ऐलान
BSP टाउनशिप के हजारों परिवारों को बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद अधिकारियों से बातचीत की गई। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों को राहत मिली है।
महतारी वंदन की 33 किस्तों में 21,350 करोड़ से ज्यादा अंतरित
मुख्यमंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में अब तक 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवास बनाए जा रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है। रामलला दर्शन योजना सहित अन्य योजनाओं से भी लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।
3 हजार चिटफंड निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़ रुपये
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चिटफंड निवेशकों के लिए भी बड़ी राहत की शुरुआत की। यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों की जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत बटन दबाकर 3,000 निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये हस्तांतरित किए गए। यह राशि लंबे समय से अपनी जमा पूंजी वापस मिलने का इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण राहत है।
संबंधित खबर: 2 लाख गरीब परिवारों का सपना हुआ साकार, जेठा में PM आवास का महाआयोजन,शिवराज-साय ने सौंपी घर की चाबी
आवास से लेकर आयुष्मान कार्ड तक, हितग्राहियों को मिला लाभ
समारोह में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
पीएम स्वनिधि योजना के 6 स्ट्रीट वेंडर्स को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
आयुष्मान भारत योजना के 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के 2 हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए।
7 श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए।
छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण के चेक दिए गए।
मत्स्य विभाग की ओर से आइस बॉक्स, नाव और जाल वितरित किए गए।
पट्टाधृति योजना के तहत 10 हितग्राहियों को पट्टे प्रदान किए गए।
डिप्टी CM अरुण साव बोले- तेजी से बदल रहा छत्तीसगढ़
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान गांवों और शहरों में विकास कार्यों को गति मिली है। सरकार बनने के बाद नगरीय सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती से प्रदेश अब मुक्त हो चुका है। निवेश, उद्योग और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों के आने से छत्तीसगढ़ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसमें भिलाई की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
संबंधित खबर: बीरगांव को 135 करोड़ की सौगात, CM साय ने खोला घोषणाओं का पिटारा,आवासीय पट्टे का भी ऐलान
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, महापौर नीरज पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




















