Bigg Boss 20: उदिति सिंह ने मारी बाजी, तीसरी बार बनीं विनर, गुल्लू ने कनिका के लिए छोड़ी कैप्टेंसी!

बिग बॉस 20 का फिनाले जैसे-जैसे करीब आ रहा है, घर के अंदर मुकाबला और भी दिलचस्प होता जा रहा है। कभी कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी बहस देखने को मिलती है, तो कभी दोस्ती और एक-दूसरे के लिए किए गए फैसले चर्चा में आ जाते हैं। इसी बीच इस हफ्ते के बिग बॉस मीटर का रिजल्ट भी सामने आ गया है। इस बार उदिति सिंह ने बाजी मारते हुए बिग बॉस मीटर का खिताब अपने नाम कर लिया है। उदिति ने इस मुकाबले में स्काउट ओपी और काजी तौकीर जैसे मजबूत कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़ दिया। शो में उदिति को काफी पसंद किया जाता है। घर के कई सदस्यों के साथ उनकी अच्छी दोस्ती और तालमेल भी देखने को मिलता है। यही वजह है कि उनकी जीत पर फैंस के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है।
तीसरी बार उदिति ने जीता बिग बॉस मीटर?
बिग बॉस मीटर का रिजल्ट आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ दर्शकों ने उदिति की जीत को सही बताया, तो कुछ ने दूसरे कंटेस्टेंट्स के नाम आगे किए। एक यूजर ने लिखा कि उदिति इस जीत की हकदार हैं। वहीं, एक दूसरे यूजर ने दावा किया कि उदिति तीसरी बार बिग बॉस मीटर की विनर बनी हैं। कुछ लोगों ने इस फैसले पर सवाल भी उठाए। एक यूजर ने इसे उदिति के पक्ष में झुकाव बताया, जबकि दूसरे ने गुल्लू को इस खिताब का असली हकदार बताया। वहीं, कुछ दर्शकों को लगता है कि उदिति टॉप 3 तक पहुंच सकती हैं।
अब कनिका मान बनेंगी घर की नई कैप्टन?
बिग बॉस मीटर के रिजल्ट के साथ ही घर में कैप्टेंसी को लेकर भी नया ट्विस्ट आने वाला है। बिग बॉस से जुड़ी खबरें साझा करने वाले पेज बिग बॉस तक की रिपोर्ट के मुताबिक, उदिति की कैप्टेंसी खत्म हो सकती है और कनिका मान घर की नई कैप्टन बन सकती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कैप्टेंसी के लिए घरवालों को दो टीमों में बांटा गया। पहली टीम में कनिका मान, स्काउट ओपी और गुल्लू को रखा गया, जबकि दूसरी टीम में बाकी कंटेस्टेंट्स शामिल थे। इस मुकाबले में पहली टीम जीत गई। हालांकि, सजा के चलते स्काउट ओपी कैप्टन नहीं बन सकते थे। ऐसे में कैप्टेंसी के लिए कनिका और गुल्लू के बीच बात पहुंच गई।
ये भी पढ़ें: समय रैना का जलवा! MrBeast और CarryMinati को पछाड़ YouTube पर बनाया बड़ा रिकॉर्ड
गुल्लू ने कनिका के लिए छोड़ी कैप्टेंसी
कैप्टेंसी को लेकर जब फैसला लेने की बारी आई तो गुल्लू ने कनिका मान का नाम आगे कर दिया। हालांकि, कनिका चाहती थीं कि गुल्लू ही घर के कैप्टन बनें। इसके बाद स्काउट ओपी से भी उनकी राय पूछी गई और उन्होंने कनिका का समर्थन किया। आखिरकार गुल्लू ने कनिका के लिए कैप्टेंसी छोड़ दी। उनके इस फैसले से कनिका काफी भावुक हो गईं। वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाईं और वॉशरूम में जाकर रोने लगीं। घर में जहां कैप्टेंसी को लेकर मुकाबला चल रहा था, वहीं गुल्लू के इस कदम ने माहौल को भावुक बना दिया।
कैप्टन बनते ही कनिका के सामने होगी नई चुनौती
अब अगर कनिका मान घर की नई कैप्टन बनती हैं तो उनके लिए यह जिम्मेदारी आसान नहीं होने वाली। हाल ही में उनकी आम्रपाली दुबे, माही विज और काजी तौकीर के साथ बहस देखने को मिली थी। ऐसे में कैप्टन बनने के बाद इन सदस्यों के साथ उनका तालमेल कैसा रहता है, यह देखना दिलचस्प होगा। क्या घरवाले कनिका के फैसलों को आसानी से मानेंगे या कैप्टेंसी के दौरान एक बार फिर बहस और हंगामा देखने को मिलेगा? फिलहाल उदिति की बिग बॉस मीटर में जीत और गुल्लू का कनिका के लिए कैप्टेंसी छोड़ना शो के दो बड़े चर्चा वाले पल बन गए हैं।




















