Bijapur:सुरक्षा बलों को जंगल में मिला नक्सलियों का विस्फोटकों का बड़ा जखीरा,BGL लॉन्चर समेत भारी सामान बरामद

रायपुर/ बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बासागुड़ा पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने पेगड़ापल्ली के जंगल से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान नक्सली संगठन से जुड़े एक संदिग्ध सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया है।
ये भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, CCTV भी खंगाले
पेगड़ापल्ली के जंगल में घेराबंदी, संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, नक्सल विरोधी अभियान के दौरान थाना बासागुड़ा और डीआरजी की संयुक्त टीम ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम ने घेराबंदी कर बोगम लखमू पिता पाण्डू, उम्र 39 वर्ष, निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को पकड़ा।
पूछताछ में नक्सली कनेक्शन का खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में काम करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी नक्सलियों की विस्फोटक सामग्री को छिपाने के लिए ले जाने का काम करता था।
BGL लॉन्चर से लेकर हैंड ग्रेनेड तक बरामद
आरोपी के कब्जे और बताए गए स्थान से तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। बरामद सामान में एक BGL लॉन्चर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम और एक हैंड ग्रेनेड शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने .303 के 15 जिंदा राउंड, 31 BGL कार्ट्रिज, एक INSAS खाली मैगजीन, बिजली के वायर, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड भी जब्त किया है।
50 हजार रुपये से ज्यादा कैश भी मिला
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को आरोपी के कब्जे से 50,050 रुपये नगद भी बरामद हुए। पुलिस ने हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया और पंचनामा तैयार किया।
ये भी पढ़ें: kanker: कांकेर के जंगल में जवानों का बड़ा ऑपरेशन, जमीन के नीचे मिला नक्सलियों का हथियार डंप
विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
ये भी पढ़ें: kanker: बारिश का कहर,एप्रोच रोड़ में 50 फिट जमीन में धंसा वाहन, हादसे में बाल बाल बचे लोग।
नक्सल नेटवर्क पर सुरक्षा बलों का शिकंजा
पेगड़ापल्ली के जंगल से बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद होना नक्सल विरोधी अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है। संयुक्त टीम की कार्रवाई से नक्सलियों के लिए इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक सामग्री के एक संभावित डंप का पता चला है।




















