हरदा की तीन बेटियों ने कराटे में जीते गोल्ड मेडल, अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम

हरदा। अंडर-17 वर्ग में संजना धुर्वे और अंडर-14 वर्ग में रितिका हरियाले और चांदनी धुर्वे ने अपने-अपने भार वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किए। जीत के बाद गांव लौटने पर तीनों खिलाड़ियों का ग्रामीणों ने बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
तीनों खिलाड़ियों ने अपने नाम किए स्वर्ण पदक
राज्य स्तरीय स्कूल कराटे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 वर्ग से संजना धुर्वे ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, अंडर-14 वर्ग में रितिका हरियाले और चांदनी धुर्वे ने अपने-अपने भार वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
ये भी पढ़ें: भोपाल में 4 दिसंबर से आलमी तब्लीगी इज्तिमा, ईंटखेड़ी में 14 ब्लॉक तैयार; विदेशी मेहमानों के लिए भी इंतजाम
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर तीनों खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की स्कूल खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब ये बेटियां राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। ग्रामीणों और संस्था के सदस्यों ने उम्मीद जताई है कि वे वहां भी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाएंगी।
गांव लौटने पर बाजे-गाजे के साथ स्वागत
तीनों खिलाड़ियों के पदक जीतकर गांव लौटने पर ग्रामीणों और संस्था के सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया। गांव में बाजे-गाजे के साथ विजय रैली निकाली गई और बेटियों को फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोच ने मेहनत और अनुशासन को दिया श्रेय
खिलाड़ियों के कोच करण रामटेक ने इस उपलब्धि का श्रेय बेटियों की कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करेंगी और प्रदेश का मान बढ़ाएंगी।
स्वागत समारोह में संस्था के सदस्य और ग्रामीण रहे मौजूद
स्वागत समारोह में तिनका सामाजिक संस्था के रितेश तिवारी, अध्यक्ष मना मंडलेकर, विकास वर्मा, शालिनी चौहान, शुभम केवट, रोहित खराटकर, विजय काजवे, निशांत सोलंकी, रीना बछानिया, रीना नायर, अनामिका परते, मलेसिंग धुर्वे और मंगल सिंग हरियाले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि तीनों बेटियों की सफलता क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।




















