शहडोल में महिला ASI का सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, डांस कर रोका ट्रैफिक; जाम में फंसी एंबुलेंस
शहडोल। शहर की मुख्य सड़क पर शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सूट-बूट पहने और कानों में हेडफोन लगाए एक महिला बीच चौराहे पर डांस करने लगी और वाहनों को रोकने लगी। जयस्तंभ चौक से गांधी चौक के बीच हुए इस घटनाक्रम के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और एक एंबुलेंस का रास्ता भी बाधित हो गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
शुरुआत में राहगीरों ने इसे सोशल मीडिया रील की शूटिंग समझा, लेकिन जब महिला वाहनों के सामने आकर हंगामा करने लगी तो स्थिति बिगड़ गई। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसे स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद बमुश्किल निकाला जा सका। विरोध करने पर महिला एक युवक से उलझ गई और मारपीट पर उतारू हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पति के निधन पर मिली अनुकंपा नियुक्ति
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला की पहचान वंदना जाटव के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पुलिस विभाग में एएसआई (ASI) के पद पर पदस्थ बताई जा रही हैं। उन्हें पति स्वर्गीय दिनेश जाटव के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। सूचना पर पहुँची कोतवाली पुलिस ने महिला को थाने पहुँचाया। थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी, जिसके चलते उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






















