हरिवंश राय बच्चन की जयंती पर सोहागपुर में पलकमती साहित्य परिषद की काव्य गोष्ठी आयोजित
बच्चन की प्रसिद्ध कविताओं का पाठ
गोष्ठी में कवियों ने हरिवंश राय बच्चन की कालजयी रचनाओं आत्मपरिचय, जो बीत गई सो बात गई और कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती सहित अन्य प्रसिद्ध कविताओं के अंश सुनाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सड़क की बदहाली पर कवि ने किया कटाक्ष
वरिष्ठ कवि राजेश शुक्ला ने बच्चन जी की जयंती पर मधुशाला की चर्चा करते हुए सोहागपुर की बदहाल सड़क और निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे मुख्य मार्ग की स्थिति पर व्यंग्यात्मक मौलिक रचना प्रस्तुत की।
उन्होंने अपनी कविता में राजनीतिक पक्ष-विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा “चाहे पक्ष हो या विपक्ष, सब में है गड़बड़ झाला, सड़क अभी सुधरी नहीं है, कैसे पहुंचे मधुशाला।” उनकी इस रचना में स्थानीय सड़क समस्या को काव्यात्मक अंदाज में अभिव्यक्त किया गया।
गीत और गजल की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गीतकार शैलेंद्र शर्मा ने गीत की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर किया, वहीं कवि रवि नागेश ने हरिवंश राय बच्चन की प्रसिद्ध काव्य रचना मधुशाला की चुनिंदा पंक्तियों का पाठ किया।
परिषद अध्यक्ष प्रबुद्ध दुबे ने नदी की सरलता, सहजता और प्रवाहशीलता को जीवन एवं व्यक्तित्व में उतारने का संदेश देती रचना प्रस्तुत की। शायर जलज शर्मा ने अपने विशिष्ट अंदाज में शेर, शायरी और गजल सुनाकर गोष्ठी को रोचक बनाया।
मां शारदा की वंदना से हुआ संचालन
कार्यक्रम का संचालन श्वेतल दुबे ने मां शारदा की वंदना तथा हरिवंश राय बच्चन की कविता अग्निपथ की पंक्तियों के पाठ के साथ किया। इस अवसर पर अखिलेश तिवारी, प्रणव दुबे, पंडित बुद्धि प्रकाश शर्मा, प्रवेश मिश्रा, राजेश रघुवंशी, विवान दुबे सहित अन्य साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।






















