म्यांमार में सेना का स्कूल और मठ पर हवाई हमला, बच्चों समेत 30 लोगों की मौत

म्यांमार में सेना के हवाई हमले में एक बार फिर आम नागरिकों के मारे जाने का मामला सामने आया है। मध्य म्यांमार के विद्रोहियों के नियंत्रण वाले एक गांव में स्कूल और मठ परिसर को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक शिशु और कई स्कूली बच्चों सहित कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी विपक्षी नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट (NUG) और एक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी ने दी है।रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना गुरुवार को मैगवे क्षेत्र के सिनबौंगवे टाउनशिप में हुई। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3 बजे जब गांव में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था, तभी सेना ने हवाई हमला कर दिया। इसके बाद इलाके में तोपखाने से भी गोलाबारी की गई।
विपक्षी अधिकारियों का दावा है कि हमले के दौरान सेना ने 500 पाउंड के चार हवाई बम, तोपखाने के 12 गोले और सात सुसाइड ड्रोन का इस्तेमाल किया। NUG के प्रवक्ता फोन लैट और एक स्थानीय चश्मदीद ने रॉयटर्स को बताया कि हवाई हमले और गोलाबारी में महिलाओं और बच्चों समेत 20 से अधिक नागरिकों तथा नौ विद्रोही लड़ाकों की जान गई।
हमले के समय इलाके में नहीं चल रही थी लड़ाई
एक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, जिस समय गांव पर बमबारी हुई, उस दौरान वहां कोई सक्रिय सैन्य संघर्ष नहीं हो रहा था। उन्होंने बताया कि विद्रोही लड़ाकों का इस गांव से कभी-कभार ही गुजरना होता था। घटना के बाद विपक्षी अधिकारियों ने म्यांमार की सेना पर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस कार्रवाई को बिना किसी उकसावे के किया गया हमला बताया। हालांकि, हवाई हमले को लेकर म्यांमार की सेना की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सेना समर्थक चैनलों ने किया अलग दावा
टेलीग्राम पर सक्रिय सेना समर्थक चैनलों ने हमले को लेकर अलग दावा किया है। उनके मुताबिक, सैन्य कार्रवाई के दौरान एक ग्रेजुएशन समारोह और विद्रोही लड़ाकों के जमावड़े को निशाना बनाया गया था। हालांकि, शनिवार दोपहर तक म्यांमार की सेना ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया था। म्यांमार सरकार ने भी टिप्पणी के लिए भेजे गए अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया।
विपक्ष ने बताया युद्ध अपराध, संयुक्त राष्ट्र से की अपील
नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट (NUG) और अंतरिम मगवे फेडरल यूनिट गवर्नमेंट ने संयुक्त बयान जारी कर इस हमले की निंदा की है। यह स्थानीय विद्रोही प्रशासन विपक्षी ताकतों से जुड़ा हुआ है। दोनों संगठनों ने सैन्य कार्रवाई को युद्ध अपराध और जिनेवा कन्वेंशन का उल्लंघन करार दिया है। उनका कहना है कि इस घटना से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय कानूनी कार्रवाई के दौरान उनका इस्तेमाल किया जा सके। विपक्षी अधिकारियों ने संयुक्त राष्ट्र, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन ASEAN और म्यांमार के पड़ोसी देशों से भी हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि म्यांमार की सेना तक एविएशन फ्यूल, गोला-बारूद और ड्रोन तकनीक की आपूर्ति रोकी जाए।
सेना के हजारों हवाई हमलों का रिकॉर्ड होने का दावा
NUG का कहना है कि उसके पास म्यांमार की सेना की ओर से किए गए हजारों हवाई हमलों का रिकॉर्ड मौजूद है। विपक्षी संगठन के आंकड़ों के अनुसार, 1 फरवरी 2021 से अक्टूबर 2026 के आखिरी दिनों तक सेना ने 6,653 अलग-अलग घटनाओं में कुल 15,327 हवाई हमले किए। इन हमलों में कथित तौर पर 6,467 आम नागरिकों की मौत हुई। इसके अलावा 562 स्कूल और 848 धार्मिक इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुईं।
म्यांमार में गृहयुद्ध के बीच लगातार बढ़ रहा संकट
म्यांमार में ताजा हवाई हमला ऐसे समय हुआ है, जब देश पहले से ही लंबे गृहयुद्ध से गुजर रहा है। फरवरी 2021 में सेना द्वारा सत्ता पर कब्जा किए जाने के बाद देश में संघर्ष शुरू हुआ था। इस गृहयुद्ध में अब तक करीब 1 लाख लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 35 लाख से अधिक लोगों को अपना घर छोड़कर विस्थापित होना पड़ा है। यह घटना ऐसे वक्त भी सामने आई है, जब इसके एक सप्ताह पहले ही इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस ने फैसला सुनाया था कि म्यांमार ने 2017 में रोहिंग्या अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ नरसंहार किया था। हालांकि, रॉयटर्स ने स्पष्ट किया है कि वह इस ताजा हवाई हमले में मारे गए लोगों की संख्या और घटना से जुड़े विवरणों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।




















